नेपाल में भारी बारिश के बाद बकरा के जलस्तर में वृद्धि
नेपाल में भारी बारिश के बाद कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र की नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हुई। बकरा नदी पर बने चचरी पुल ध्वस्त हो गए, जिससे आसपास के गांवों में आवागमन प्रभावित हुआ। लोग अब नाव से...

कुर्साकांटा, निज प्रतिनिधि। नेपाल में भारी बारिश के बाद कुर्साकांटा प्रखंड क्षेत्र होकर बहने वाली बकरा, भलुआ, परमान, लोहन्द्रा, बरजान आदि नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने लगी। दोपहर बाद इन नदियों के जलस्तर में अचानक 20 सेंटीमीटर की वृद्धि हो गयी। इधर नदियो के जलस्तर में वृद्धि के बाद पड़रिया व तीरा घाट के पास बकरा नदी पर बने चचरी पुल ध्वस्त हो गये। पानी की तेज धार में चचरी पुल का आधा हिस्सा बह गया है। इससे आस पास के गांव में आवागमन प्रभावित हुआ है। पुल की जगह अब नाव से लोग नदी पार कर गंतव्य स्थान तक जाना पड़ेगा।
इससे तीरा, खारदह, सतबेढ़, बरदाहा आदि गांव जाने के लिए या तो 20 से 25 किलो मीटर अधिक दूरी तय कर जाना होगा या फिर जान में जोखिम डाल कर नाव से आर पार होना पड़ेगा। चचरी पुल बहने से स्कूल आने जाने वाले बच्चे व प्रतिदिन हटिया बाजार आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पानी घट जाने के बाद भी लोगों को परेशानी रहेगी। पानी कम हो जाने से नाव का आवागमन भी सुचारु रुप से नही हो पाएगा। इधर कुर्साकांटा सीओ आलोक कुमार ने बताया कि नेपाल में बारिश के बाद नदियों के जल स्तर में वृद्धि होने की है। लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। फिलहाल बाढ़ की स्थिति नहीं है। अंचल प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।