कमजोर तार बदलकर रानीगंज को लो वोल्टेज की समस्या से दिलाएं निजात
कमजोर तार बदलकर रानीगंज को लो वोल्टेज की समस्या से दिलाएं निजातरानीगंज के फरकिया, घघरी, धोबनिया आदि पंचायतों में जर्जर वायरिंग ने बढ़ाई परेशानी

रानीगंज प्रखंड की एक बड़ी आबादी इन दिनों विद्युत संकट झेल रहा है। अनियमित विद्युत आपूर्ति ही नहीं बिजली उपभोक्ता कमजोर तार व लो वोल्टेज की समस्या से भी परेशान हैं। आये दिन तार टूटने के कारण कई बिजली मिस्त्री को रात रात भर फोल्ड खोजने में समय निकल जाता है। ऐसा कमजोर तार के कारण हो गया है। इस समय भीषण गर्मी में बिजली की आंख मिचौनी भी अलग परेशान कर रही है। लगातार हो रही बिजली बाधित से लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा है। इस भीषण गर्मी में लचर विद्युत व्यवस्था के कारण परेशान है। अंधेरे में रात गुजरना लोगों की मजबूरी बन गयी है।
पसीने से भींगे बदन को सुखाने के लिए लोग बिजली पंखा की और टकटकी लगाए रहते है। ऐसे बिजली व्यवस्था के संचालन में लगे पदाधिकारियों में खिलाफ लोगों ने नाराजगी बढ़ने लगी है। कई पावर स्टेशन बनने के बाबजूद विद्युत आपूर्ति लचर: रानीगंज क्षेत्र के 30 पंचायतों में नियमित तौर पर बिजली देने को लेकर रानीगंज में एक पावर स्टेशन, व गुणवंती, हांसा, और काला बलुवा में पावर सब स्टेशन बनाये गए है। लेकिन पावर स्टेशन में ट्रांसफार्मर की क्षमता, ट्रांसलेट के अलावे उच्च गुणवत्ता के तार के साथ साथ अन्य जरूरी संसाधन को विकसित करने की जरूरत को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। इसके कारण दिन में भी नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाती है। विद्युत पावर स्टेशन के अलावे फील्ड में कार्यरत मानव बल को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रानीगंज के फरकिया, घघरी, मोहनी, मिर्जापुर, आदि पंचायतों में आये दिन तार टूटने के कारण कई बिजली मिस्त्री को रात रात भर फोल्ड खोजने में समय निकल जाता है। ऐसा कमजोर तार के कारण हो गया है। इधर तीन महीनों से घघरी पंचायत के वार्ड संख्या आठ और नौ के लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे है। इन दोनों वार्डो के करीब तीन सौ से अधिक घरों के लोग इस भीषण गर्मी में रतजगा करने को मजबूर है। रात के अंधेरे में सांप बिच्छू आदि का भी खतरा बना रहता है। बोले जिम्मेदार: गुणवंती पावर स्टेशन के कनीय अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि जहां भी लो वोल्टेज की समस्या है उनको देखवा लिया जायेगा। जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या को दूर कर लिया जायेगा। लोगों की राय: क्षेत्र के गुणवंती और कालाबलुवा बिजली सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर की क्षमता व अन्य जरूरी संसाधन को विकसित करने की जरूरत को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। इससे मांग के अनुरूप नवनिर्मित पवार सब स्टेशन की क्षमता दम तोड़ने लगी है। रात की कौन कहे दिन में भी नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। - अनिता देवी, मुखिया घघरी पंचायत। पूरे घघरी पंचायत के लोग लो वोल्टेज की समस्या से परेशान है। बिजली कब आती है कब जाती है इसका पता भी नहीं चलता है। हर जगह पुराने व जर्जर तार लगे है जो बड़ी दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा है। बिजली विभाग के अधिकारी उदासीन बन बैठे हैं। - उमेश पासवान, समाजसेवी, घघरी, रानीगंज। शाम ढलते ही बिजली की आंख मिचौनी शुरू हो जाती है। सब स्टेशन में कार्यरत विद्युत कर्मी भी सीमित संसाधन के बीच लाचार बने हुए हैं। बिजली के अधिक उपभोक्ता होने के कारण एक ही 33 हजार पर भारी लोड होने के कारण 33 हजार हाई वोल्टेज तार का रोज टूटना अब क्षेत्र के लोगों की नियति बन चुकी है। - साबिर आलम, सीएसपी संचालक, घघरी रानीगंज। बिजली नहीं रहने से इस भीषण गर्मी में हमलोगों को रतजगा करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई में दिक्कत होती है। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो रहा है। रात के अंधेरे में विषैले सांप बिच्छू के काटने का खतरा बना रहता है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली से जुड़े उपकरणों का ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। - मोईदुर्रह्मान, प्रमुख प्रतिनिधि रानीगंज। विद्युत पावर स्टेशन के अलावे फील्ड में कार्यरत मानव बल को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आये दिन तार टूटने के कारण कई बिजली मिस्त्री को रात रात भर फोल्ड खोजने में निकल जाता है। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है। - अंजुम आरा, प्रखंड प्रमुख रानीगंज। पूरे रानीगंज विधानसभा में बिजली के जर्जर तार लगे हैं। क्षेत्र में हर एक दो दिन पर कहीं न कहीं बिजली के शार्ट सर्किट से घटना में जानमाल की क्षति होती है। सरकार व सरकारी व्यवस्था खामोश है। विभाग लोगों को बिजली की समस्या से जल्द निजात दिलाएं, अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। - अविनाश मंगलम, राजद नेता।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।