रानीगंज: तेज आंधी में सैकड़ों घरों के छप्पर उड़े, तीन जख्मी
सोमवार देर शाम रानीगंज में आई तेज आंधी और बारिश ने तबाही मचाई। सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गए और कई लोग घायल हो गए। बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है। आंधी से मक्के, आम और लीची की फसलों को भी भारी नुकसान...

रानीगंज, एक संवाददाता। सोमवार देर शाम रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी व पश्चिमी इलाके में बारिश के साथ आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई है। तेज आंधी के कारण ग्रामीण इलाकों में सैकड़ो लोगों के घरों के छप्पर उड़ गए। कई जगहों पर बड़े बड़े पेड़ गिर गए है। बिजली पोल और तार के क्षतिग्रस्त होने विद्युत आपूर्ति बाधित है। तेज आंधी में कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त होने से पीड़ित अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। आंधी में मझुवा पूरब पंचायत के वार्ड दो भगवानपुर गांव के बिंदी ऋषिदेव का घर गिरने से उसमें दबकर एक दर्जन से अधिक बकरियों की मौत हो गई।
मझुवा पश्चिम पंचायत के कोहवारा में भोला मेहता के कच्ची दीवाल की चपेट में आने से भोला मेहता के माता पिता व उनके दो बच्चे घायल हो गए। भोला मेहता ने बताया कि अचानक आयी तेज आंधी तूफान में सड़क किनारे लगे बिजली के पोल घर के समीप तेज आवाज के साथ गिर गया। इसके बाद आंधी इतनी तेज थी घर के छप्पर उड़ गए। फिर कच्ची दीवाल देखते ही देखते गिर गए। दीवाल गिरने से मेरे माता पिता व दो बच्चे दब गए। काफी हो हल्ला होने पर लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। बोले आंधी पीड़ित ग्रामीण: मझुवा पूरब पंचायत के पीड़ित ग्रामीण गंगा सोरेन, ताला बास्की, अर्जुन ऋषिदेव, नरेश सिंह, जीतन मंडल, महेंद्र मेहता, रमेश मेहता, विजय मेहता, सुनील शर्मा, रामबहादुर मेहता, धीरेन मुखिया, प्रमोद मेहता, संजय यादव, अमदु ऋषिदेव, अनिल सिंह, अनिरुद्ध मेहता, गुलाबचंद मेहता, अशोक मेहता, विजय मेहता, कौशल मुर्मू, आदि ने बताया कि सोमवार की देर शाम करीब साढ़े नौ बजे के तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। करीब 25 से 20 मिनट की आंधी में सैकड़ो लोगों के घरों के छप्पर उड़ गए। पीड़ितों ने बताया कि आंधी इतनी तेज थी कि कई लोगों के घरों के टीन के छप्पर इतनी दूर उड़े की उसका आता पता भी नहीं चल सका है। रातभर भय के माहौल में रहे लोग: आंधी तूफान शुरू होते ही लोग बचने के लिए अपने अपने घरों में जाने लगे। लेकिन जिनके घर के छत टिन या छप्पर के थे उनके घर के छप्पर उड़ने लगे। इस दौरान कई गांव ं में अफरातफरी मची रही। घुप अंधेरा होने की वजह से लोग रातभर भय के माहौल में रहे। लोगों ने बताया कि आंधी तूफान में बिजली के पोल व तार गिरने से पूरे इलाके की बिजली बाधित हो गयी है। घुप अंधेरा होने के कारण लोगों को चोरी की आशंका भी होने लगी थी। चूंकि घर के छप्पर उड़ने के कारण लोगों के घरों में रखे समान तीतर बितर हो गए थे। खेतों लगे मक्के की फसल को नुकसान, आम व लीची के पेड़ भी गिरे। मक्का, आम व लीची को काफी नुकसान: सोमवार की देर शाम आयी तेज आंधी तूफान के कारण क्षेत्र के सैकड़ो एकड़ किसानों की मक्के की फसलों में पानी लग गया है। पूरे खेत में हजारों की संख्या में मक्के के पौधे टूट गए हैं। किसानों ने कहा कि यदि हमलोगों को मुआवजा नहीं मिला तो आगे भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो जायेगी। वहीं आंधी बारिश के कारण आम, व लीची के फलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आम के बड़े बड़े बगीचों में आंधी से काफी नुकसान पहुंचा है। तूफान के बाद अपने उजड़े आशियाने को ठीक करने में जुटे लोग: सोमवार की देर शाम आयी तेज आंधी तूफान के बाद मंगलवार को लोग अपने अपने उजड़े आशियानों को ठीक करने में जुटे थे। टीन के उजड़े छप्पर को बांस बल्ली से बांधकर घर को ठीक करने में लोग जुटे थे। कई घरों में गिरे पेड़ को काटकर हटाया जा रहा था। देर शाम कई लोगों के शादी ब्याह व श्राद्ध कर्म में लगे टेंट को पूरी तरह उजाड़ दिया गया। बोले पदाधिकारी: इधर रानीगंज के प्रभारी सीओ शम्भू प्रसाद साह ने बताया कि कर्मचारी को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इधर बिजली विभाग के जेई अभिषेक कुमार ने बताया की कई जगहों पर बिजली के पोल गिर गए है। तार टूट गयी है। सभी को ठीक किया जा रहा है। जल्द ही बिजली बहाल की जायेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।