सड़क पर पानी के बहाव रोकने के लिए बनेगा सोखता
खोदावंदपुर में बेकार पानी को रोकने के लिए सरकार ने सोखता निर्माण की योजना बनाई है। मनरेगा के तहत 48 सोखता बनाने का लक्ष्य है। यह योजना जल जमाव की समस्या को समाप्त करेगी और पर्यावरण को सुरक्षित रखेगी।...

खोदावंदपुर, निज संवाददाता। सड़क पर या उसके इर्द गिर्द बहने वाले बेकार पानी को रोकने के लिए सरकार द्वारा सोखता निर्माण की महत्वपूर्ण योजना बनाई गई है। मनरेगा योजना के माध्यम से सोखता निर्माण किया जा रहा है। सोखता बन जाने से बेकार पानी के बहने की समस्या से लोगों को निजात मिल रहा है। मनरेगा के पीओ मनीष कुमार झा ने बताया कि फिलहाल खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में कुल 48 सोखता निर्माण का लक्ष्य है। इनमें प्रखंड के सभी 8 पंचायतों में सोखता निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत में 6 सोखता बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकारी चापाकलों या निजी चापाकलों के इर्द गिर्द पानी गिरने से जल जमाव की समस्या हो जाती है। पानी के सड़ने से देने वाली बदबू वातावरण को दूषित कर देता है। इसको देखते हुए सरकार ने चिन्हित जगहों पर सोखता निर्माण करवाने की योजना बनाई है। पीओ ने बताया की मनरेगा से जुड़े पंचायत रोजगार सेवक पंचायत स्तर पर घुम घुमकर सोखता निर्माण की जगह का सर्वेक्षण करते हैं। सर्वेक्षण के क्रम में पंचायत रोजगार सेवक द्वारा बनाई गई सूची के आधार पर पंचायत तकनीकी सहायक इसका पर्यवेक्षण करते हैं। उसके बाद सोखता निर्माण के लिए चिन्हित किए गए जगहों की अंतिम सूची बनाई जाती है। मनरेगा पीओ ने बताया की जरूरत के आधार पर सोखता का आकार प्रकार निर्धारित किया जाता है। उन्होंने बताया की पहले प्रकार में 4 फीट लम्बा और 4 फीट चौड़ा एवं 7 फीट गहरा सोखता बनाया जाता है। जिसमें साढ़े 17 हजार रुपए की लागत लगती है। जबकि दूसरे प्रकार का सोखता 6 फीट लम्बा, 6 फीट चौड़ा एवं 8 फीट गहरा बनाया जाता है। इसमें 22 हजार 456 रुपए की लागत आती है। इस राशि का भुगतान संबंधित वेंडर को मनरेगा योजना से किया जाता है। पीओ ने बताया की खोदावंदपुर प्रखंड में अबतक 37 सोखता का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।