कुंभ मेले में बिछड़े 83 वर्षीय वृद्ध, 2 महीने बाद परिवार से मिले
फोटो नीरज जी कुंभ में साथ गये लोगों ने दे दी थी वकील मंडल

भागलपुर, वरीय संवाददाता। कुंभ मेले में बिछड़ने के दो महीने बाद कहलगांव थाना क्षेत्र के कुलकुलिया सैदपुरा निवासी 83 वर्षीय वकील मंडल अपने परिवार से मिल पाए हैं। उनके परिजनों ने तो उनकी मौत तक मान ली थी। इस पूरे मामले पर उनके बेटे महेंद्र मंडल ने बुधवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता वकील मंडल दो महीने पहले गांव के साथियों के साथ कुंभ स्नान के लिए गए थे। कुंभ में मची भगदड़ के कारण वे अपने समूह से बिछड़ गए और भटकते हुए गलत ट्रेन में चढ़कर पश्चिम बंगाल के हुगली पहुंच गए। उनके पास न मोबाइल था और न ही घर संपर्क करने के लिए कोई नंबर।
कई दिनों तक हुगली के श्रीरामपुर सड़क पर भटकते रहे। खाना-पीना न मिलने के कारण वे इतने कमजोर हो गए थे कि ठीक से बात भी नहीं कर पा रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर श्रीरामपुर पुलिस ने उन्हें श्रीरामपुर वालश अस्पताल में भर्ती कराया। दो महीने के इलाज के बाद जब वकील मंडल की हालत में सुधार हुआ तो अस्पताल के सहायक अधीक्षक बासुदेव जोयारदार ने एक एनजीओ से संपर्क किया। एनजीओ के सचिव अंबरीश नाग विश्वास ने बताया कि 25 मार्च को जब वकील मंडल पुलिस को मिले थे तब वे बातचीत करने की स्थिति में नहीं थे। इलाज के बाद जब वे कुछ स्वस्थ हुए तो एनजीओ के सदस्यों ने उनसे बात की। उनके फोटो देशभर में फैले अपने स्वयंसेवी संचार नेटवर्क के सदस्यों तक पहुंचाई। उन्होंने बताया कि लगभग एक महीने की खोजबीन के बाद उन्होंने वकील मंडल की तस्वीर और जानकारी बिहार के भागलपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को भेजी। जिसने पते को सत्यापित किया और भोलसर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज मंडल और पंचायत समिति सदस्य मनोज मंडल से संपर्क किया। इसके बाद वकील मंडल की पहचान सत्यापित हुई। पहचान और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वकील मंडल के परिजनों को कोलकाता बुलाया गया। बुधवार को वकील मंडल को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि वकील मंडल कुलकुलिया स्थित बटेश्वर गंगा पंप नहर परियोजना में निजी चौकीदार का काम करते थे। तीन साल पहले ही उनकी पत्नी का देहांत हो गया था। उनके पांच बेटे हैं। कुंभ मेले में बिछड़ने के बाद उनके साथ गए लोगों ने घर आकर उनकी मौत की खबर दे दी थी, जिससे परिवार ने भी उम्मीद छोड़ दी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।