Residents of Bhagalpur Struggle with Contaminated Water Supply and Poor Infrastructure बोले भागलपुर: खंजरपुर सहित बड़े इलाके में लोग निगम के नल से गंदा पानी पी रहे, Bhagalpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsResidents of Bhagalpur Struggle with Contaminated Water Supply and Poor Infrastructure

बोले भागलपुर: खंजरपुर सहित बड़े इलाके में लोग निगम के नल से गंदा पानी पी रहे

भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। नगर निगम की जलापूर्ति में लगातार तीन-चार साल से समस्या बनी हुई है। पार्षद ने समस्या को लेकर कई बार पत्राचार किया है, लेकिन कोई समाधान नहीं...

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरMon, 5 May 2025 07:39 PM
share Share
Follow Us on
बोले भागलपुर: खंजरपुर सहित बड़े इलाके में लोग निगम के नल से गंदा पानी पी रहे

भागलपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बड़ी खंजरपुर सहित आसपास के कई मोहल्ले के लोग लंबे दिनों से गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। क्योंकि नगर निगम के सप्लाई नल में ही दूषित पानी आ रहा है। कभी हरे रंग का पानी तो कभी मिट्टी जैसे रंग का तो कभी बदबूदार पानी। हाल में इस इलाके के वार्ड 25 के पार्षद बोतल में पानी भरकर डिप्टी मेयर ऑफिस पहुंचे थे और कहा कि कोई इस पानी को निगम में पीकर दिखाए। दुर्भाग्य है कि यही पानी शहर की बड़ी आबादी को पीना पड़ रहा है। जर्जर सड़क, नाला, जलजमाव, साफ-सफाई, और बिजली की समस्याएं अलग है लेकिन लोग पानी के लिए त्राहिमाम हैं।

लोगों का कहना है कि हर व्यक्ति की क्षमता नहीं है कि सबमर्सेबल बोरिंग करा सके। लोग नगर निगम की जलापूर्ति पर निर्भर हैं। लेकिन लगातार तीन-चार साल से यह समस्या बनी हुई है। जब हंगामा होता है तो वाटर वर्क्स में केमिकल डोजिंग बढ़ा दी जाती है, लेकिन गंदे पानी का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। वार्ड 25 स्थित महाराज घाट रोड का निर्माण करीब 25 वर्ष पूर्व हुआ था। इसके बाद से जर्जर हो चुकी सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो सका है। इसको लेकर स्थानीय पार्षद ने कई बार भागलपुर और पटना समेत देश की राजधानी दिल्ली तक पत्राचार किया है। बिहार लोक शिकायत निवारण और केंद्रीय लोक शिकायत निवारण में परिवाद दायर करने पर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। वार्ड संख्या 25 में कुल तीन हथिया नाला का निर्माण होना है, जो जर्जर अवस्था में है। इसमें शहर के अलग-अलग वार्ड से होकर नाला का पानी वार्ड नंबर 25 से होते हुए गंगा में गिरता है। इसको लेकर स्थानीय पार्षद द्वारा कई बार भागलपुर नगर निगम के नगर आयुक्त और महापौर, जिला पदाधिकारी, नगर विकास मंत्री और मुख्यमंत्री तक को पत्राचार किया जा चुका है। बावजूद आज तक हथिया नाला का निर्माण नहीं हो पाया है। स्थानीय पार्षद गोविन्द बनर्जी ने बताया कि करीब 30 वर्ष पूर्व महाराज घाट रोड स्थित हथिया नाला का गंदा पानी रोकने के लिए बिहार राज्य जल पर्षद द्वारा महाराज घाट रोड सड़क के बीचोबीच बोरिंग संप हाउस का निर्माण किया गया था। जिसका आज तक उपयोग नहीं किया गया। वर्तमान में उसकी कोई उपयोगिता भी नहीं रह गई है। इसे हटाने के लिए उन्होंने कई बार पदाधिकारियों को पत्राचार किया। परिवाद भी दायर किया, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। जब तक संप हाउस को नहीं हटाया जाता है तब तक महाराज घाट के अंत तक सड़क का निर्माण करना संभव नहीं है। वर्तमान समय में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए विभिन्न प्रकार के प्रयास किया जा रहे हैं, जिसमें मुख्या रूप से बरारी वाटर वर्क्स से आने वाले पानी की व्यवस्था को दुरुस्त करना है। यहां सप्लाई होने वाले पानी से नाले के पानी वाली दुर्गंध आती है। 

उन्होंने बताया कि भविष्य की योजना को देखते हुए बुडको द्वारा सबौर इंजीनियरिंग कॉलेज से पानी लाने की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन आने वाले चार-पांच वर्षों में बाबूपुर घाट के पास भी काफी मात्रा में गाद जमने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। जिसको ध्यान में रखते हुए इस समस्या के समाधान के लिए रत्तीपुर बैरिया दियारा से बूढ़ानाथ घाट होते हुए सबौर इंजीनियरिंग कॉलेज तक 100 मीटर चौड़ा और 20 मीटर गहरा नया चैनल निर्माण कराया जाना चाहिए। वार्ड संख्या 25 में लगाए गए 156 नए पोल और पूर्व से लगे 28 पोल ऐसे हैं, जिसमें लाइट नहीं लगी है। पिछले 6 वर्षों से सभी पोल में लाइट लगाने को लेकर लगातार चर्चा हो रही है, लेकिन अभी तक लाइट की खरीदारी नहीं हो पायी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड नंबर 25 में अतिक्रमण भी बड़ी समस्या बन गई है। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर नगर निगम को कई बार सूचना दी गई, लेकिन शहर में फुटपाथ और बाजार में अतिक्रमण अभियान चलाने वाले नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिसके कारण अतिक्रमण करने वालों का मनोबल दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जो सड़क कभी 20 फीट हुआ करती थी वह अतिक्रमण के कारण सिकुड़कर महज 8 से 10 फिट रह गयी है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि पिछले 25 वर्षों में भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में कई महापौर और नगर आयुक्त हुए, लेकिन कई बार प्रयास करने और सामाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद भी उन लोगों को योजनाओं से संबंधित कार्यों का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका है। मोहल्ले के युवाओं ने बताया कि साफ-सफाई की व्यवस्था भी बदतर है। सफाई एजेंसी द्वारा एनआईटी के गाइडलाइन के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा संबंधित कंपनी को नहीं हटाया गया है। इसके अलावा इलाके के सभी बिजली पोल में सोलर लाइट लगाने की व्यवस्था भी नहीं की गई है। शहरवासियों को शाम होते ही अंधेरे में आने-जाने को विवश होना पड़ रहा है। 

टेंडर के एक साल बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ

 भागलपुर नगर निगम वार्ड नंबर 25 के पार्षद गोविंद बनर्जी ने बताया कि गंगा में पानी नहीं है। इस कारण लोगों के बीच जलापूर्ति की समस्या है। रत्तीपुर दियारा से बूढ़ानाथ होते हुए बाबूपुर तक गंगा में चैनल निर्माण कराना होगा तभी पानी की समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है। वर्ष 2015 से जलापूर्ति को लेकर प्रयास चल रहा है, लेकिन अभी तक काम मूर्त रूप नहीं ले सका है। उन्होंने बताया कि महाराज घाट रोड, काशी मिस्त्री लेन, वीरू मिस्त्री लेन और शिवाजी पथ का टेंडर होने से एक साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन एग्रीमेंट नहीं होने के कारण आज तक काम शुरू नहीं हो सका है। इस कारण लोगों को जर्जर सड़क से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलापूर्ति के प्रयास में 11 वर्ष बीत गए लेकिन आज तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जबकि नगर निगम द्वारा बनाए गए प्याऊ का मेंटनेंस नहीं हो रहा है।

 न कूड़ेदान की व्यवस्था न चलने के लिए अच्छी सड़क 

बड़ी खंजरपुर निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि सड़क और नाला जर्जर होने के कारण रोड पर कीचड़ जमा हो जाता है। इस कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। बारिश होने पर नाला का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। जलापूर्ति के लिए बुडको द्वारा जो पाइपलाइन बिछाई गई है उससे पानी नहीं आता है। सप्लाई वाटर में गंदगी आने के कारण पानी दुर्गंध करता है। जो पीने लायक नहीं रहता है। लोगों को पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। कूड़ेदान की भी कोई व्यवस्था नहीं है। लोग घरों का कचरा सड़क पर ही फेंक देते हैं। सड़क से गुजरने वाले को गंदगी एवं दुर्गंध के कारण चलना मुश्किल होता है। जलापूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त हो जाने पर उसकी मरम्मत के लिए कोई प्रयास नहीं किया जाता है। इस कारण पानी सड़क पर बहकर बर्बाद होता है। गर्मी के दिनों में जलस्तर नीचे चले जाने के कारण परेशानी और बढ़ जाती है। 

पाइपलाइन से मोहल्ले के सभी घरों में नहीं पहुंच रहा पानी 

बड़ी खंजरपुर निवासी प्रकाश यादव ने बताया कि सप्लाई वाटर के पाइपलाइन से आने वाले पानी में काफी दुर्गंध आती है। जिससे यह उपयोग के लायक नहीं रह जाता है। हालांकि मजबूरी में उस पानी का उपयोग घरेलू कार्यो के लिए करना पड़ता है। बुडको द्वारा बिछायी गयी पाइपलाइन चार साल पहले ही टूट गयी थी। जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं कराई गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क के अलावा बुडको द्वारा बिछायी गयी पाइपलाइन से पानी मोहल्ले तक नहीं पहुंच पाता है, जिससे उन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जर्जर सड़क पर पानी बहने के कारण हालत और भी बदतर हो जाती है। बारिश होने पर सड़क में गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता है। कई बार वाहन चालक और स्थानीय लोग गिरकर घायल भी हो जाते हैं। 

अतिक्रमण करने के कारण सड़क संकरी हुई 

वार्ड नंबर 25 खंजरपुर की निवासी मंजू सिन्हा ने बताया कि नाला की नियमित सफाई नहीं होने के कारण नाला जाम हो जाता है। जर्जर सड़क और साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण इस इलाके के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे अतिक्रमण करने और पशु बांध देने के कारण भी सड़क की चौड़ाई घट जाती है। महिलाओं, छोटे बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भी जर्जर और अतिक्रमण के कारण सड़क से आने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि अगर नगर निगम प्रशासन द्वारा इस इलाके के विकास कार्य पर ध्यान दिया जाय तो उन लोगों की परेशानी दूर हो सकती है। सड़क निर्माण और नाला के पानी निकासी की व्यवस्था ठीक हो जाने से जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और लोग बिना डर और परेशानी के आसानी से अपने कार्यों के लिए आवागमन कर सकते हैं। 

इनकी भी सुनिए 

वार्ड 25 नवीन गांगुली रोड काफी जर्जर है। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। काफी पहले ही इस सड़क का निर्माण किया गया है। सड़क जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं। जिसमें लोग गिर भी जाते हैं। 

-अभिषेक यादव

 पिछले 6 वर्षों से सभी पोल में लाइट लगाने को लेकर चर्चा हो रही है, लेकिन अभी तक लाइट की खरीदारी नहीं हो पायी है। वार्ड 25 में अतिक्रमण भी बड़ी समस्या बन गई है। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों झेलनी पड़ती है। 

-राजू यादव

 बरारी वाटर वर्क्स से आने वाले पानी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाना चाहिए। सप्लाई वाले पानी में नाले की दुर्गंध आती है। हथिया नाला समेत विभिन्न नाला का पानी धड़ल्ले से गंगा में बहाया जा रहा है। इस पर रोक लगे।

 -गुड्डू यादव 

नगर निगम वार्ड 25 में सड़क किनारे पशु बांध देने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। महिलाओं, छोटे बच्चों और स्कूली छात्र-छात्राओं को जर्जर और अतिक्रमण के कारण आने-जाने में दिक्कत होती है। गिरने का डर बना रहता है। 

-चंदन यादव 

बुडको द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन से पानी मोहल्ले तक नहीं पहुंच पाता है। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश होने पर जर्जर सड़क में गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाता है, जिससे लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।

-संतोष कुमार 

बड़ी खंजरपुर महाराज घाट रोड में नाला का पानी घरों में प्रवेश कर जाता है। इससे लोगों को परेशानी होती है। बाहर से आकर लॉज में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों को भी काफी दिक्कत होती है। छात्र इस इलाके से दूरी बनाने लगे हैं। 

-प्रमोद शर्मा 

जर्जर सड़क और नाला के पानी के कारण आवागमन में दिक्कत होती है। पिछले 25 वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में कई महापौर और नगर आयुक्त हुए। कई बार प्रयास के बाद भी उन लोगों को योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका है। 

-बोगो देवी 

गंदगी के कारण लोगों को सड़क पर चलने में परेशानी होती है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। नाला नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण जाम हो जाता है और पानी सड़क पर बहने लगता है। रात के वक्त आवागमन में परेशानी होती है। 

-ऋषभ सिन्हा 

बड़ी खंजरपुर स्थित नवीन गांगुली रोड पर पानी बहता रहता है। बारिश के समय इलाके में जलजमाव हो जाता है। इस कारण लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। निगम को जर्जर सड़क तोड़कर नई सड़क का निर्माण कराना चाहिए।

 -नूतन देवी 

महाराज घाट रोड, काशी मिस्त्री लेन, वीरू मिस्त्री लेन और शिवाजी पथ का टेंडर होने से एक साल से अधिक हो चुका है, लेकिन एग्रीमेंट नहीं होने के कारण आज तक काम शुरू नहीं हो सका है, जिससे लोगों को जर्जर सड़क से परेशानी होती है। 

-धरम शर्मा 

वार्ड नंबर 25 के महाराजा घाट की ओर जाने वाली सड़क के मुहाने पर ही कूड़ा जमा रहता है। इस कारण मोहल्ले के साथ इस मार्ग में आवागमन करने वाले को कूड़े की दुर्गंध से होकर गुजरना होता है। पाइपलाइन से पानी सड़क पर बहता है। 

-अजय कुमार 

बारिश के समय में जब हथिया नाला में पानी का बहाव होता है तो हालात भयावह हो जाती है। शहर के विभिन्न नाले से होकर आने वाले पानी के बहाव की रफ्तार तेज होती है। गलती से भी कोई इसमें गिर जाए तो उसे बचा पाना मुश्किल होता है। 

-सोनू शर्मा 

शिकायतें 

1. बड़ी खंजरपुर वार्ड नंबर 25 महाराज घाट रोड में नाला का पानी घरों में प्रवेश कर जाता है। इसके कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है। 

2. गंदगी के कारण लोगों को सड़क पर चलने में परेशानी होती है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। नाला की नियमित सफाई नहीं होने से जाम हो जाता है।

 3. बारिश होने पर हथिया नाला में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है, इससे हालात बहुत भयावह हो जाती है। रास्ते में चलने वाले छोटे वाहन पलट जाते हैं।

 4. वार्ड 25 के महाराजा घाट की ओर जाने वाली सड़क के मुहाने पर ही कूड़ा जमा रहता है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले को दुर्गंध से होकर गुजरना पड़ता है।

 5. बड़ी खंजरपुर स्थित नवीन गांगुली रोड पर पानी बहता रहता है। बारिश के समय जलजमाव हो जाता है। इस कारण लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।

सुझाव 

1. नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा नवीन गांगुली रोड से अतिक्रमण हटाकर नाला और जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए, जिससे लोगों की परेशानी दूर हो। 

2. नगर निगम प्रशासन द्वारा इस इलाके के विकास कार्य पर ध्यान दिया जाय तो लोगों की परेशानी दूर होगी। सड़क निर्माण और नाला के पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। 

3. जल संकट से राहत के लिए गंगा में रत्तीपुर दियारा से बूढ़ानाथ होते हुए बाबूपुर तक गंगा में चैनल निर्माण कराना होगा, तभी पानी की समस्या से राहत मिल सकती है।

4. स्वच्छता का ध्यान रखते हुए वार्ड 25 के सभी मोहल्ले में जगह-जगह पर कूड़ेदान की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे इलाके के लोगों को कूड़ा जहां-तहां नहीं फेंकना पड़े। 

5. बड़ी खंजरपुर वार्ड 25 में बिजली के सभी पोल पर सोलर लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे लोगों को शाम के बाद भी आवागमन में परेशानी न हो।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।