कहलगांव शहर के पूर्वी क्षेत्र के चार वार्डो की जलापूर्ति दूसरे दिन भी बाधित
कहलगांव, निज प्रतिनिधि। भीषण गर्मी में कहलगांव शहर की जलापूर्ति दो दिनों से बाधित है।

भीषण गर्मी में कहलगांव शहर की जलापूर्ति दो दिनों से बाधित है। शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए हाहाकार मचा हुआ है। एनएच 80 के निर्माण को लेकर नहर पुल पर नया पुल बनाने को लेकर बने हुए डायवर्सन की मिट्टी हटाने के क्रम में पुराने पाइपलाइन की पेयजल आपूर्ति पाइप सोमवार को क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह से शहरी जलापूर्ति बाधित हो गई है। पुराने पाइप लाइन से पूरे शहर में जलापूर्ति होती है। लेकिन पूर्वी भाग के चार वार्ड पूर्णरूपेण पुराने पाइपलाइन की जलापूर्ति पर निर्भर है। जिससे शहर के पूर्वी भाग के चार वार्ड की जलापूर्ति दूसरे दिन भी पूर्णरूपेण बाधित है।
सबसे ज्यादा परेशानी पूर्वी भाग के वार्ड नंबर 14 से 17 तक को है। उक्त वार्ड पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से लोगों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से निजी बोरिंग का भी अधिकतर घरों में प्रावधान नहीं है। भीषण गर्मी में पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। गंगा नदी, चापाकल और बोतलबंद पानी से काम चलाने को मजबूर हैं। पानी के बिना लोगों की दिनचर्या बदल गई है। पीएचईडी के कनीय अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि पाइप के मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को मरम्मती का कार्य पूरा कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।