खाना बनाने के दौरान झोपड़ीनुमा मकान में लगी आग, हजारों की संपत्ति खाक
दाउदपुर के मदनसाठ गांव में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के लीकेज से भीषण आग लग गई। आग ने झोपड़ीनुमा मकान में रखे हजारों रुपये के सामान को नष्ट कर दिया। इसी तरह, मशरक नगर पंचायत के शास्त्री टोला में गेहूं...

दाउदपुर(मांझी)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाठ गांव में खाना बनाने के दौरान झोपड़ीनुमा मकान में लगी भीषण आग में हजारों रुपये मूल्य की सम्पत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने का असली कारण गैस सिलेंडर लीकेज बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, मदनसाठ गांव निवासी श्रीराम सिंह की पत्नी अपने झोपड़ीनुमा मकान में रविवार की सुबह करीब दस बजे खाना बना रही थी, तभी गैस सिलेंडर से अचानक तेज लपटें निकली और देखते हीं देखते झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने दाउदपुर थाना पुलिस को सूचित कर घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी व स्थानीय लोगों के घण्टों मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया तब तक घर में रखा सारा सामान जल कर नष्ट हो गया। पीड़ित श्रीराम सिंह ने बताया कि अगलगी में झोपड़ी समेत करीब पांच क्विंटल सरसों, एक बोरी अरहर दाल, ढाई क्विंटल गेहूं, वस्त्र, बर्तन, बिछावन समेत अन्य खाद्य सामग्री जलकर खाक हो गयी। पंचायत के उप मुखिया रमाकांत सिंह व रिंकू सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मांझी सीओ और राजस्व कर्मचारी को दे दी गई है। आग लगने से गेहूं की फसल जली मशरक। मशरक नगर पंचायत अंतर्गत शास्त्री टोला गांव में रविवार को दोपहर अचानक गेहूं की फसल में आग लग गयी। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती तबतक अगलगी मे करीब 10 कठ्ठा का फसल जलकर राख हो गयी। पीड़ित किसान परिवार शास्त्री टोला निवासी विनोद शाह और सलीमन बीवी है। दोनों ने काफी कठिन परिश्रम कर खेती की थी जो जलकर राख हो गयी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।