महिला थाने की पुलिस की पिटाई से वृद्धा गंभीर
लहेरियासराय में महिला थाने की पुलिस ने 65 वर्षीय रसीना बेगम की बेरहमी से पिटाई की। उनका बेटा बाबर अली ने बताया कि एक विवाद के बाद पुलिस ने उनकी मां को बुलाया और पिटाई की। बेगम बेहोश हो गईं और उन्हें...

लहेरियासराय। महिला थाने की पुलिस ने अपने पुत्र का पक्ष रखने पहुंची वृद्धा की बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे वह थाने में ही बेहोश होकर गिर गई। उसका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वृद्धा बहेड़ी थाना क्षेत्र के चकराईपुर सनखेरहा की रहने वाली 65 वर्षीया रसीना बेगम है। वृद्धा के पुत्र बाबर अली ने रविवार को बताया कि एक सप्ताह पहले मां का उनकी पत्नी से मामूली विवाद हो गया था। इसे लेकर उनकी पत्नी ने महिला थाने में आवेदन दिया था। उसके बाद महिला थाने की पुलिस ने उन्हें थाने पर बुलाया।
वहां मौजूद पुलिस अधिकारी ने लड़की पक्ष से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। उसके बाद उन्हें व उनकी मां को बुलाया गया। जैसे ही उन्होंने अपना पक्ष रखा, एक महिला पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। जब उसकी मां बीच-बचाव करने पहुंची तो उसकी वृद्ध मां को भी महिला पुलिस ने बेरहमी से पीटा। इसके बाद उनकी मां बेहोश होकर फर्श पर गिर गई। जब उन्होंने महिला पुलिस से कहा कि आप लोग किसी तरह उनकी मां को इलाज के लिए कहीं भर्ती करवा दीजिए तो वहां की महिला पुलिस ने बताया कि उनके पास कोई गाड़ी नहीं है। तुम अपनी मां को इलाज के लिए खुद डीएमसीएच ले जाओ। इतना कहने के बाद उन्हें डांट-फटकारकर बाहर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि किसी तरह उन्होंने अपनी मां को परिजनों के सहारे बेहोशी अवस्था में बाहर लाया। फिर अपने स्तर से टेंपो की व्यवस्था की और अपनी मां को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया। वहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बाबर ने बताया कि दो साल पहले उनकी शादी एपीएम थाना क्षेत्र के अनार कोठी में हुई थी। उनका पत्नी से अच्छा संबंध था। उन्हें दो बच्चे भी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।