लोरिक धाम में श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़
बहेड़ी के वनडिहुली गांव में राधाकृष्ण महायज्ञ का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की और पूजा-हवन में भाग लिया। लोरिक महोत्सव के तहत राम झूला, डिस्को झूला और सांस्कृतिक...

बहेड़ी। प्रखंड क्षेत्र के वनडिहुली गांव के लोरिक धाम में राधाकृष्ण महायज्ञ में पूजा-हवन के साथ ही क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा करनी शुरू कर दी। हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। यज्ञाचार्य कौशल किशोर दासजी महाराज ने वैदिक रीति-रिवाज से पूजन-हवन के साथ मंत्रोच्चार करते हुए हवन को पूर्णाहुति दी। वृन्दावन की कथा वाचिका राधा किशोरीजी की कथा सुनने के लिए भी लोगों की भीड़ जुट रही है। वीर लोरिक ट्रस्ट के संस्थापक रामदयाल महतो ने बताया कि लोरिक धाम में मनोरंजन के लिए राम झूला, डिस्को झूला, ड्रैगन झूला, मौत का कुआं, मीना बाजार आदि की व्यवस्था की गई है।
101 विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। श्रद्धालु यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के बाद देवी देवताओं के मूर्तियों को निहारते नहीं थकते। वीर लोरिक ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि आठ मई तक रात नौ बजे से सुबह चार बजे तक रासलीला एवं रामलीला का मंचन किया जाएगा। नौ से 13 मई के बीच लोरिक महोत्सव को लेकर हिंदी, मैथिली व भोजपुरी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम करेंगे। उन्होंने बताया कि दर्जनों गांवों के हजारों श्रद्धालु महायज्ञ में प्रतिदिन पहुंचते हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामानंद यादव व महासचिव श्याम सुंदर यादव, भागवत कथा के मुख्य यजमान ध्यानी मंडल आदि ने बताया कि लोरिक महोत्सव 2025 के उपलक्ष्य में आठवां श्रीराधाकृष्ण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। बिहार सरकार से लोरिक महोत्सव के लिए 20 लाख रुपये का अनुदान मिलना गौरव की बात है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।