जीविका दीदियों ने की गुटखा पर पूरी तरह रोक की मांग
बिहार सरकार द्वारा आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अपने विचार साझा किए। जीविका से जुड़ी महिलाओं ने तंबाकू और गुटखा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।...

लहेरियासराय। बिहार सरकार की ओर से संचालित ‘महिला संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इसमें जिलेभर से आईं सैकड़ों महिलाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में अपने विचार व मांगें साझा कीं। जीविका से जुड़ी महिलाओं ने तंबाकू और गुटखा के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि जैसे उनके आग्रह पर बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुई, उसी तरह अब गुटखा और तंबाकू उत्पादों पर भी तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। महिलाओं ने कहा कि तंबाकू व गुटखा का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है और इसके कारण सार्वजनिक स्थानों पर फैलती गंदगी समाज में बीमारियों को न्योता देती है।
इसे सामाजिक बीमारी मानते हुए उन्होंने इस पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की। अलीनगर में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने भाग लेकर उपस्थित महिलाओं से संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण राज्य के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। सरकार की विभिन्न योजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव ला रही हैं। डॉ. गार्गी ने कहा कि आज महिलाएं जीवन के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और पुरुषों के समान हर जिम्मेदारी को निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ‘महिला संवाद मंच के माध्यम से महिलाओं को न केवल उनके अधिकारों और योजनाओं की जानकारी मिल रही है, बल्कि उन्हें अपने जीवन अनुभव, गांव की समस्याएं और समाधान साझा करने का भी अवसर मिल रहा है। इस दौरान महिलाओं ने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन में वृद्धि, बिजली दरों में राहत, नाली-गली निर्माण तथा सामुदायिक भवनों की जरूरत जैसे जमीनी मुद्दे भी सामने रखे। महिलाओं ने अपने जीवन में आए बदलाव साझा करते हुए बताया कि अब वे स्वरोजगार से जुड़ चुकी हैं। निडर होकर सार्वजनिक जीवन में भाग ले रही हैं और अपनी बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं। अलीनगर प्रखंड की इशरत परवीन ने मखाना, बत्तख व मछली पालन का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जताई और इसके लिए प्रशिक्षण व प्रारंभिक पूंजी की आवश्यकता बताई। मनीषा देवी ने अगरबत्ती निर्माण में सहयोग की मांग रखी। महिलाओं ने प्रशासन से अनुरोध किया कि इच्छुक महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सहायता और मार्गदर्शन दिया जाए। कार्यक्रम में महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों और असमानताओं के विरुद्ध आवाज बुलंद की। मौके पर श्रेया शर्मा, बीपीएम राजेश कुमार, उदय सिंह आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।