पति-पत्नी के विवाद में साले की हत्या, जीजा ने चाकू गोद कर मार डाला; भांजे ने किया था कॉल
शैलेश राम का अपनी पत्नी बबीता कुमारी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान 12 वर्षीय भांजा अभिषेक कुमार ने मामा रितेश को फोन कर जानकारी दी। सुलह कराने पहुंचे रितेश ने दोनों को शैलेस ने मार डाला।

बिहार के गोपालगंज में एक सनकी जीजा ने 21 वर्षीय साले रितेश राम की चाकू गोदकर हत्या कर दी। जलालपुर गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक मांझागढ़ थाना के धरमपरसा गांव निवासी था। पुलिस ने आरोपित दामाद को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पति पत्नी के बीच चल रहे विवाद में साला दोनों को समझाने आया था। ससुर के बयान पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे जलालपुर निवासी शैलेश राम का अपनी पत्नी बबीता कुमारी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान 12 वर्षीय भांजा अभिषेक कुमार ने मामा रितेश को फोन कर जानकारी दी। सुलह कराने पहुंचे रितेश ने दोनों को समझाने की कोशिश की। लेकिन बात बढ़ गई। उसके जीजा शैलेश ने रितेश पर चाकू से हमला कर दिया। इससे रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे सिधवलिया पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता शिवपूजन राम ने अपने दामाद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द किसी ठोस नतीजे पर पहुंचेगी।