राजस्व विभाग के कार्यों में बेहतर प्रदर्शन कर जिले ने पाई सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग
ऑनलाइन म्युटेशन के 99.91 प्रतिशत मामले का किया गया निष्पादन, डीएम अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक हुई।

ऑनलाइन म्युटेशन के 99.91 प्रतिशत मामले का किया गया निष्पादन बेहतर उपलब्धि के लिए पीएम ने अधिकारियों एवं कर्मियों को दी शाबाशी जहानाबाद, हिंदुस्तान प्रतिनिधि। डीएम अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अंचल अधिकारियों के साथ राजस्व, अतिक्रमण, परिमार्जन, लोक सेवाओं के अधिकार आदि से संबंधित विषयों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में डीएम ने महिला संवाद शिविर में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। बैठक में पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। डीएम ने बताया कि अप्रैल 2025 तक की प्रगति रिपोर्ट से स्पष्ट है कि राजस्व विभाग, जहानाबाद ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सराहनीय प्रदर्शन किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आधार सीडिंग के लिए जिले में 2,94,700 सर्वेक्षणों में से 2,75,454 पूर्ण हुए, जो 93.47 प्रतिशत है। काको अंचल ने 95.8 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अभियान बसेरा 2 के तहत भूमिहीन परिवारों के लिए चलाई जा रही योजना में कुल 2,395 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 1,721 परिवारों को आवासीय भूमि आवंटित की गई। जहानाबाद सदर, काको और मखदुमपुर अंचल में सर्वाधिक लाभार्थी चिन्हित हुए। ऑनलाइन म्यूटेशन के लिए 1,29,472 में से 1,28,836 मामलों का निष्पादन करते हुए जिले ने 99.51 प्रतिशत सफलता प्राप्त की। हुलासगंज अंचल ने 102.55 प्रतिशत निष्पादन दर के साथ विशेष पहचान बनाई। परिमार्जन प्लस के तहत डिजिटाइज्ड जमाबंदी सुधार के तहत 10,377 में से 8,743 मामलों का निष्पादन हुआ। औसतन निष्पादन दर 84.25 प्रतिशत रही। जिला पदाधिकारी ने इसे 90 प्रतिशत से ऊपर लाने का निर्देश दिया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 1.01 करोड़ रुपए की वसूली की गई, जिसमें मखदुमपुर से 37.74 लाख रुपए और काको से 15.28 लाख रुपए राजस्व की वसूली की गई है। उच्च न्यायालय में विचाराधीन कुल 46 मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। सभी अंचल अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और प्रतिशपथ की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि "राजस्व प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे भूमि सुधार, डिजिटलीकरण, पारदर्शी आवंटन प्रणाली एवं राजस्व संग्रहण में जहानाबाद जिला राज्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। डीएम ने अधिकारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “जिला प्रशासन का लक्ष्य पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जन-सेवा के मूल सिद्धांतों पर आधारित सुशासन स्थापित करना है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले को विकास के पथ पर अग्रसर रखें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।