Madhubani s Maxi Bus Stand Road in Ruins Local Traders Demand Urgent Repairs and Drainage Solutions वर्षों से पुराने मैक्सी स्टैंड इलाके के लोग बदहाल सड़क से हैं परेशान, Madhubani Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsMadhubani NewsMadhubani s Maxi Bus Stand Road in Ruins Local Traders Demand Urgent Repairs and Drainage Solutions

वर्षों से पुराने मैक्सी स्टैंड इलाके के लोग बदहाल सड़क से हैं परेशान

मधुबनी शहर का पुराना मैक्सी बस स्टैंड रोड बदहाल स्थिति में है। बारिश के दौरान जलजमाव के कारण दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट है। स्थानीय नागरिकों को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही है। प्रशासन की...

Newswrap हिन्दुस्तान, मधुबनीSun, 8 June 2025 04:48 PM
share Share
Follow Us on
वर्षों से पुराने मैक्सी स्टैंड इलाके के लोग बदहाल सड़क से हैं परेशान

मधुबनी । मधुबनी शहर का पुराना मैक्सी बस स्टैंड रोड, जो कभी व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था, वह आज बदहाल है। यहां की सड़कों की दयनीय हालत और जलजमाव की समस्याओं से लोग बेहाल हैं। यह मार्ग न सिर्फ शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में गिना जाता है, बल्कि यहां दर्जनों छोटे-बड़े दुकानदारों की आजीविका भी जुड़ी है। रोजमर्रा की कमाई से परिवार पालने वाले इन दुकानदारों के लिए यही दुकान सहारा है, लेकिन बरसात का मौसम उनके लिए किसी आपदा से कम नहीं होता। बारिश होते ही यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर गंदा पानी भर जाता है।

इससे लोगों का दुकानों तक पहुंच पाना ही मुश्किल हो जाता है। स्थानीय दुकानदार राहुल कुमार शर्मा, शिवजी कुमार शर्मा, असगर कुमार और अन्लो यगों ने बताया कि बरसात के दिनों में कई बार ऐसा भी होता है कि पूरे दिन एक भी ग्राहक दुकान पर नहीं पहुंचता। व्यापार चौपट हो चुका है और परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। यह स्थिति केवल आर्थिक नुकसान तक सीमित नहीं है। दुकानों के सामने जलजमाव से न सिर्फ ग्राहक किनारा कर जाते हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर जमा गंदा पानी मच्छरों और बीमारियों को भी जन्म दे रहा है। न तो सड़क मरम्मत हुई, न नाला निर्माण। परिणामस्वरूप, बारिश होते ही स्थिति भयावह हो जाती है। यह सवाल उठाता है कि नगर निगम आखिर कर क्या रहा है? वर्षों से इस इलाके की स्थिति जस की तस बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन तो दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। जिन नागरिकों ने अपना खून-पसीना बहाकर व्यवसाय खड़ा किया है, उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है, और प्रशासन खामोश बना हुआ है। अगर नालों का निर्माण समय पर हुआ होता, जलनिकासी की व्यवस्था ठीक रहती, तो यह समस्या पैदा ही नहीं होती। यह न सिर्फ प्रशासन की अक्षमता को दर्शाता है, बल्कि जनहित के प्रति उसकी उदासीनता को भी उजागर करता है। पुरानी मैक्सी बस स्टैंड रोड पर नालों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो, सड़क की मरम्मत की जाए और जल निकासी के स्थायी समाधान पर काम किया जाए। साथ ही, स्थानीय व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें राहत देना भी जरूरी है। नहीं लगी है एक भी स्ट्रीट लाइट : मधुबनी शहर का मैक्सी बस स्टैंड रोड, जहां दिन भर हजारों लोगों की आवाजाही होती है, शाम ढलते ही सन्नाटे और अंधेरे में डूब जाता है। यह सड़क न केवल शहर के प्रमुख मार्गों में से एक है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और आम नागरिकों के दैनिक जीवन का अहम हिस्सा भी है। बावजूद इसके, यहां मूलभूत सुविधा-स्ट्रीट लाइट तक उपलब्ध नहीं है। शाम के बाद जैसे ही सूरज अस्त होता है, पूरे इलाके में अंधेरा पसर जाता है। नतीजा यह होता है कि न केवल राहगीरों की आवाजाही रुक जाती है, बल्कि दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित होता है। ग्राहक इस मार्ग से गुजरने में कतराते हैं, जिससे आर्थिक गतिविधियां लगभग ठप हो जाती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम को शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंधेरे में राह चलते लोगों को दुर्घटनाओं का डर सताता है, और महिलाएं व बुजुर्ग इस रास्ते से गुजरने में खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। जल निकासी को नहीं बनाए गए नाले : मैक्सी बस स्टैंड रोड, जो नगर की प्रमुख सड़कों में गिना जाता है, इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी यह मार्ग लंबे समय तक जलमग्न रहता है। नाला निर्माण का कार्य वर्षों से लंबित पड़ा है, और प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज भी कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। इस जलजमाव की स्थिति से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर वाहन चालकों को गड्ढों और पानी से भरी सड़कों पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं। रोजाना हादसों का डर बना रहता है। वहीं, पैदल चलने वाले लोग-खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे-इस रास्ते को पार करने में असहज और असुरक्षित महसूस करते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोग चिंतित हैं इस बारसात भी उन्हें फजीहत झेलनी पड़ेगी। कारण कि नगर निगम ने अबतक कोई पहल नहीं शुरू की है। स्थानीय लोग जल्द नगर प्रशासन से अपनी समस्याओं का निदान चाहते हैं। रातमेंअसमाजिक तत्वों के जमावड़े से परेशानी शहर की प्रमुख सड़कों में शुमार मैक्सी बस स्टैंड रोड में असमाजिक तत्वों का जमावड़ा हो रहा है। इससे स्थानीय निवासियों और आम राहगीरों में दहशत का माहौल है। इस परिस्थितिमें शाम होने के बाद लोगों को भय के साये में आवागमन करना पड़ता है। यह स्थिति कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। असमाजिक तत्वों की मौजूदगी के कारण लोग इस रास्ते से गुजरने से कतराने लगे हैं और वैकल्पिक मार्ग अपनाने को विवश हो गए हैं। यह एक चिंताजनक प्रवृत्ति है, जो शहर की साख और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो पुलिस की उपस्थिति न के बराबर है। लोगों ने पुलिस गश्ती की मांग की है। ---बोले जिम्मेदार---- शहर को विकसित बनाने के लिए नगर निगम हर संभव प्रयासरत है शहर के विकास के लिए नाला और सड़क निर्माण कार्य को लेकर टेंडर निकाला गया है जल्द ही सड़क और नाला निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नाला बन जाने के बाद मैक्सी बस स्टैंड रोड पर जलजमाव से आए दिन होने वाली परेशानियों से लोगों को निजात मिल जाएगी। निगम प्रयासरत है। -अनिल कुमार चौधरी, नगर आयुक्त मधुबनी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।