बकरीद पर अल्लाह की इबादत में झुके हजारों सिर
मोतिहारी में बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के परिवारों में उत्साह था। सदर ईदगाह में नमाज अदा की गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। बकरीद के बाद मीठी सेवइयों का स्वाद चखा...

मोतिहारी, मोतिहारी संवाददाता। बकरीद का पर्व नगर सहित जिले में आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इसको लेकर मुस्लिम समुदाय के परिवारों में उत्साह देखते ही बनता था। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय के घरों में चहल-पहल एक-दो दिन पहले से ही बढ़ गयी थी। पर्व के मौके पर बाहर गये लोग अपने या अपने अजीजों के घर पहुंचे हुए थे। ईदगाह में हुई बकरीद की नमाज: बकरीद की नमाज अदा करने के लिए सदर ईदगाह में लोग सुबह से ही जमा होने लगे थे। जामा मस्जिद के ईमाम जलालुद्दीन कासमी ने सुबह सात बजे से तीन जमातों में नमाज पढाया।
तीन जमातों में नमाज अदा करने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग और बच्चे भी सदर ईदगाह में उपस्थित थे। इस मौके पर तकरीर करते हुए उन्होंने बताया कि कुर्बानी का यह त्योहार अल्लाह को काफी पसंद है। पैगंबर इब्राहिम की याद में कुर्बानी की जाती है। उसके बाद लोगों ने अल्लाह का शुक्र अदा कर और एक-दूसरे को मुबारकबाद देकर अपना रुख अपने घरों की ओर किया। इनकी थी उपस्थिति: बकरीद के नमाज के मौके पर मेयर प्रीति कुमारी गुप्ता सहित जिला शांति समिति के सदस्य एवं जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने घर पहुंचकर बकरे की कुर्बानी दी। लोगों ने चखा मीठी सेवइयों का स्वाद: बकरीद की नमाज व कुर्बानी के बाद लोगों ने अपने परिवार व अजीजों के साथ मीठी सेवइयों का स्वाद चखा। उसके बाद जायकेदार पकवानों का लुफ्त उठाया। भाईचारगी व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना बकरीद पर्व: सिकरहना। ढाका प्रखंड क्षेत्र में आपसी भाईचारगी व सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक बकरीद का पर्व मनाया गया। सुबह में ईदगाहों में ईद- उल-अजहा की नमाज अदा की गयी। नमाज को लेकर मुस्लिम भाई सुबह में नये नये कपड़े पहनकर ईदगाह में गये और नमाज अदा की। नमाज को लेकर ईदगाहों की साफ सफाई की गयी थी। ईदगाह के समीप मेला जैसा दृश्य था। नमाज अदा करने के बाद बकरे की कुर्बानी दी गयी। यह कुर्बानी तीन दिनों तक चलेगा। इधर, नमाज में विधि व्यवस्था को लेकर संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। एसडीओ साकेत कुमार, डीएसपी अशोक कुमार, थानाध्यक्ष राजरूप राय सहित अन्य अधिकारी व पुलिस अधिकारी शांतिपूर्ण नमाज को लेकर नजर बनाये हुये थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।