मुंगेर में गर्मी का कहर जारी, नहीं मिल रही राहत
मुंगेर जिले में गर्मी का कहर जारी है, जहाँ तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। तेज धूप और उमस ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी तापमान में कमी की संभावना...

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर जिले में गर्मी का कहर लगातार जारी है। बीते कई दिनों से तेज धूप, प्रचंड गर्मी और उमस ने लोगों को दिन की चैन और रात के करार से महरूम कर दिया है। गुरुवार को भी जिले में सुबह से ही सूरज ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह 9 बजे तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिससे सामान्य जनजीवन पर खासा असर पड़ा। सुबह 10 बजे के बाद तो जैसे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। तेज धूप और उमस ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। दोपहर होते-होते स्थिति और भयावह हो गई।
आसमान में छाए हल्के बादल के साथ सूरज की बीच-बीच में आंख- मिचौली भले ही चलती रही और तापमान में भी मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन मौसम की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया। गर्म दक्षिणी-पूर्वी हवाओं ने गर्मी के प्रभाव को और बढ़ा दिया। वही आसमान में बदल रहने के बावजूद दिन भर कोई वर्षा नहीं हुई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार हल्की वर्षा अथवा बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हवा की अधिकतम गति लगभग 22 किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी तापमान में किसी बड़ी गिरावट से इनकार किया है। अनुमान है कि, अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। ऐसे में, मुंगेर की अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। वायु गुणवत्ता सूचकांक केंद्र, मुंगेर के अनुसार शुक्रवार को मुंगेर का न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उसके साथ ही दिन भर 23 प्रति घंटा की मध्य रफ्तार वाली दक्षिणी पूर्वी हवा के चलने की संभावना है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि, वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पीते रहें। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों को सावधान रहने की भी सलाह दी गई है। फिलहाल मुंगेरवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।