गिरफ्तार चेन स्नैचर संजीव और सोनार को भेजा गया जेल
मुजफ्फरपुर में महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने के मामले में संजीव कुमार सिंह और मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। संजीव को फकुली थाना क्षेत्र से पकड़ा गया, जबकि मनोज को उसकी निशानदेही पर कुढ़नी से गिरफ्तार...

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने के मामले में गिरफ्तार बदमाश संजीव कुमार सिंह और सोनार मनोज कुमार को पूछताछ के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने रविवार की दोपहर संजीव को गिरफ्तार किया था। वह फकुली थाना क्षेत्र के आरिजपुर गांव का रहनेवाला है। उसकी निशानदेही पर कुढ़नी में छापेमारी कर पुलिस ने सोनार मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से और निशानदेही पर छिनतई में इस्तेमाल स्कूटी, पहना कपड़ा और लूटे हुए सोने से बनाये आभूषण सहित अन्य कई सामान जब्त किये थे। एसडीपीओ टू विनीता सिन्हा ने बताया कि बीते तीन मई को सदर थाना क्षेत्र के श्रीनगर कॉलोनी में उमेश ठाकुर की पत्नी से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी।
उमेश ठाकुर के आवेदन पर सदर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज से स्कूटी की पहचान कर घटना में शामिल बदमाश संजीव को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मनोज की गिरफ्तारी हुई। दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। संजीव पूर्व में भी कई बार आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। 20 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद संजीव छिनतई में अपनी संलिप्तता से इनकार कर रहा था। इसके बाद दो पीड़िताओं को थाना पर बुलाया गया। दोनों से संजीव की पहचान करवाई गई। दोनों ने पुष्टि की कि संजीव ने ही चेन छीनी थी। इन महिलाओं से हुई थी चेन स्नैचिंग : बीते गुरुवार को मोतिहारी के चकिया मधुबन निवासी बबीता कुमारी अपनी आठ वर्षीय बेटी पायल कुमारी को डॉक्टर से दिखाने के लिए पटना लेकर जा रही थी। इसी बीच सदर थाना से महज चंद कदम दूर भगवानपुर गोलंबर पर बस बदलने के लिए उतरी थी। बस का इंतजार कर रही थी। इसी बीच पीले रंग की स्कूटी पर सवार बदमाशों ने बबिता के गले से मंगल सूत्र और ढोलना छिन लिये। इसके अलावे सदर थाना थाना क्षेत्र के गोबरसही निवासी रिटायर्ड शिक्षिका रेणुका शाही शनिवार की शाम सब्जी खरीदने के लिए बाजार गई थी। सब्जी खरीदने के बाद वह घर वापस लौट रही थी। वह गेट के अंदर घुसने ही वाली थी कि पीछे से आये बदमाशों ने उनके गले से सोना का चेन छिन लिया और फरार हो गये। बताया गया कि इन दोनों घटनाओं को बदमाश संजीव ने ही अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।