एक साल में डेढ़ गुना बढ़े पासपोर्ट बनवाने वाले
मुजफ्फरपुर में पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या में पिछले एक साल में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2024-25 में 16033 पासपोर्ट बनाए गए, जिनमें 18 से 35 आयु वर्ग के युवाओं की संख्या 6297 रही।...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या में पिछले एक साल में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 के मुकाबले साल 2024-25 में इसकी संख्या में डेढ़ गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इनमें वैसे युवाओं की संख्या सबसे अधिक है जो विदेशों में पढ़ाई और कमाई करने जाना चाहते हैं। मुजफ्फरपुर प्रधान डाकघर के पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएससी) से पासपोर्ट बनवाने वालों के आंकड़ों से यह सामने आया है। प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल शंभू प्रसाद सिंह ने बताया कि पीएससी खुलने के बाद यह तीसरा मौका है, जब 10 हजार से अधिक लोगों का पासपोर्ट यहां से बनाया गया है।
इसके पहले सबसे अधिक पासपोर्ट शुरुआती साल 2017-18 में बनाया गया था। उस साल 14378 लोगों का पासपोर्ट इस केंद्र से बना था। इसके अगले साल 2018-19 में भी 10039 पासपोर्ट यहां से बनाए गए थे। वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 16033 लोगों ने इस केंद्र की मदद से पासपोर्ट बनवाया। हालांकि, बीच के तीन वर्षों में कोरोना के प्रभाव के कारण पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या में कमी आई। वर्ष 2019-20 में जहां केवल 2565 तो 2020-21 में केवल 6630 लोगों ने पासपोर्ट बनवाया। वहीं, वर्ष 2022-23 से स्थिति में सुधार के बाद 8741 तो 2023-24 में 9906 लोगों के पासपोर्ट इस केंद्र से बनाए गए। इस तरह देखा जाए तो एक साल में ही पासपोर्ट बनवाने वाले 62 प्रतिशत बढ़ गए। पीएससी के आंकड़ा के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 16033 पासपोर्ट बनवाए गए है। इनमें करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी 18 से 35 आयु वर्ग के युवाओं की रही। इस आयु वर्ग के कुल 6297 लोगों ने अपना पासपोर्ट प्रधान डाकघर के पीएससी से बनवाया। वहीं, 5135 पासपोर्ट बनवाने वालों की उम्र 35 से 50 साल के बीच की रही। पासपोर्ट कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार हर साल युवाओं में पासपोर्ट बनवाने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। इसमें उच्च आय वर्ग से लेकर मध्यम आय वर्ग के युवाओं की संख्या अधिक रहती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।