बाल पकड़कर गिराया, घसीटा, मारा-पीटा; रायपुर में पार्टी से घर लौट रहीं लड़कियों पर हमला
घटना गुरुवार को हुई जब लड़कियां शहर के महादेव घाट के पास देर रात एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रही थीं। इस घटना ने तब भयावह रूप ले लिया जब कथित तौर पर हमलावरों में से एक ने एक लड़की की उंगली काट ली।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में कुछ लड़कों द्वारा लड़कियों को परेशान करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल एक पार्टी से घर लौट रही लड़कियों के एक समूह को कुछ लड़कों ने परेशान किया। घटना गुरुवार को हुई जब लड़कियां शहर के महादेव घाट के पास देर रात एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रही थीं। इस घटना ने तब भयावह रूप ले लिया जब कथित तौर पर हमलावरों में से एक ने एक लड़की की उंगली काट ली।
कथित तौर पर बिलासपुर और कोरबा की रहने वाली लड़कियों को वापस लौटते समय रोका गया और उन पर बेरहमी से हमला किया गया। घटना के बाद लड़कियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस वारदात के पीछे की वजह अब तक सामने नहीं आई है। खबर में इस्तेमाल की गई तस्वीर, एक्स पर वायरल हो रही वीडियो से ली गई है। घटना का वीडियो हिंसक है, जिसे हिन्दुस्तान आपको नहीं दिखा रहा है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फुटेज में हमलावरों को लड़कियों पर हमला करते हुए दिखाया गया है, जबकि वे खुद का बचाव करने की कोशिश कर रही हैं। वीडियो में एक लड़का एक लड़की को परेशान करता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि वह विरोध करने की कोशिश कर रही है। कुछ ही देर बाद और लड़के शामिल हो जाते हैं और समूह के अन्य सदस्यों पर हमला करना शुरू कर देते हैं।
एक अन्य लड़का, एक लड़की को घसीटता हुआ दिखाई देता है। घसीटने की वजह से वो गिर जाती है, जिसके बाद दो और लड़के आते हैं और उसे ज़मीन पर घसीटते हुए ले जाते हैं। एक और लड़का एक लड़की को उसके बालों से खींचता हुआ दिखाया गया है, जबकि वह छुड़ाने की कोशिश करती दिखाई देती है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, रायपुर के पुलिस अधीक्षक उम्मेद सिंह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हम दूसरे पक्ष (हमलावरों) के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए मामले की जांच कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।