स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के खैराही गांव में चार वर्षीय छोटू कुमार की स्कॉर्पियो की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता सत्यदेव यादव विवाद के बीच बीमार व्यक्ति...

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी सत्यदेव यादव के चार वर्षीय पुत्र छोटू कुमार की मौत स्कॉर्पियो की चपेट में आने से हो गई है। शुक्रवार की शाम में गांव के जंगल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सूचना के बाद शनिवार को रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। रामगढ़ के थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार सत्यदेव यादव, स्कॉर्पियो गाड़ी चलाता है। शुक्रवार को दिन में पति सत्यदेव यादव एवं पत्नी सुनीता देवी के बीच पारिवारिक विवाद हो रहा था। इसी क्रम में गांव के ही एक व्यक्ति की बीमार हो जाने पर उसके परिजनों ने सत्यदेव यादव को गाड़ी लेकर बुलाया।
सत्यदेव यादव, बीमार व्यक्ति के घर जा रहा था। इसी क्रम में उसी का चार वर्षीय पुत्र छोटू कुमार, स्कॉर्पियो की चपेट में आकर जख्मी हो गया। तत्काल उसे मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि अबतक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दे दी गई है। आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।