Gautam Dhara Waterfall A Hidden Gem in Goala s Scenic Wilderness बोले रामगढ़ : लोगों ने कहा-धारा फॉल चमकेगा तभी तो चोकाद का सपना सजेगा, Ramgarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsRamgarh NewsGautam Dhara Waterfall A Hidden Gem in Goala s Scenic Wilderness

बोले रामगढ़ : लोगों ने कहा-धारा फॉल चमकेगा तभी तो चोकाद का सपना सजेगा

गोला के चोकाद पंचायत में स्थित गौतम धारा जलप्रपात अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से भरा हुआ है। यहां की हसीन वादियों में पर्यटक पिकनिक मनाने आते हैं, लेकिन इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जरूरत...

Newswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़Mon, 9 June 2025 12:51 AM
share Share
Follow Us on
बोले रामगढ़ : लोगों ने कहा-धारा फॉल चमकेगा तभी तो चोकाद का सपना सजेगा

गोला। चोकाद पंचायत के उपरखाखरा गांव पास के हरे भरे जंगल के बीच हसीन वादियों से होकर बहने वाले संधोय नदी जलप्रपात की धारा फॉल आज भी उपेक्षा का दंश झेल रहा है। विशेष कर जनवरी महीने में यहां की सुंदर वादियों में पिकनिक मनाने वाले सैलानियों की भीड़ उमड़ती है। करीब डेढ़ किलो मीटर ऊंची पहाड़ से धोरधोरीया नदी का स्वच्छ जल अनेकों जगह झरने की शक्ल में गिरता है। यह अदभूत नजारा बरबस ही पर्यटकों को आकर्षित करता है। हिन्दुस्तान के बोले रामगढ़ की टीम से यहां के लोगों ने परेशानी साझा की। गोला प्रखंड क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी श्रंखला, अनोखे झरनों व हरे भरे जंगलों के लिए जाना जाता है।

यहां की कई पहाड़ी नदियां व हरे भरे जंगल को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जा सकता है। यहां के जंगलों पहाड़ों में कुछ ऐसी छिपी हुई जगहें हैं, जो आज तक पर्यटकों की भीड़ से अछूती है। इन्हीं में से एक है संधोय नदी पर स्थित धारा फॉल। यह जगह पर्यटकों व दोस्तों के साथ घूमने के लिए एकदम सही व मनमोहक जगह है। यहां के हरे भरे जंगल व पहाड़ी के बीच बहने वाले संधोय नदी की जलप्रपात लोगों को रोमांचक भरे अनुभव का एहसास कराता है। बाहरी दूनिया से अछूता स्थानीय सैकड़ों लोग आज भी अपने दोस्तों के साथ यहां पहुंच कर यादगार पल बिताते हैं। उग्रवाद प्रभावित होने के कारण बाहर के सैलानी यहां आने से कतराते हैं। यातायात की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। यहां पर हमेशा लोगों का आवागमन नहीं होता है। हालांकि यहां तक पहुंचने के लिए लिए हाल के दिनों में सड़क बन गया है। गोला प्रखंड कार्यालय से लगभग 20 किलो मीटर दूर पूरब में यह जगह अवस्थित है। यहां पहुंचने का सहज रास्ता रामगढ़ बोकारो मुख्य मार्ग पर चक्रवाली गांव स्थित दुर्गा मंदिर से पूरब की ओर पक्की सड़क से फुलझरीया गांव होते हुए यहां पहुंचा जा सकता है। इसे पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जाय तो यह अन्य नामीगिरामी फोलों से ज्यादा महत्व रखेगा। जिला प्रशासन व वन विभाग ने इसे विकसित करने के लिए कई बार मास्टर प्लान बनाया, जो आज तक कागजों में ही दफन हो कर रह गया। बड़ी बात यह है कि संधोय नदी अन्य पहाड़ी नदियों की तरह सुखती नहीं है। इस नदी में सालों भर अनवरत स्वच्छ जल का प्रवाह देखा जा सकता है। गर्मियों में जल प्रवाह में कमी आती है, लेकिन नदी पूरी तरह से नहीं सुखता नहीं है। गर्मियों के दिनों में बड़ी संख्या में लोग राहत पाने के लिए यहां पहुंचते हैं और खूबसूरत वादियों के बीच झरनों का आनंद उठाते हैं। पंस सदस्य मनोरंजन महतो ने बताया कि आज भी बड़ी संख्या में आस पास के लोग सुकून के पल बिताने के लिए यहां आते हैं। भागदौड़ के इस युग में यह जगह प्रदूषण से पूरी तरह मुक्त व शांत है। पर्यटन स्थल के रुप में विकसित होने से रोजगार बढ़ने के साथ यहां की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लग जाएगा। यह जगह भले ही अभी तक अनदेखा है। लेकिन यह जगह प्रकृति की प्रचुर हरियाली का घर है, जो इसे हर प्रकृति प्रेमी व उत्साही युवकों के लिए स्वर्ग बनाता है। भव्य पहाड़ों और घने जंगलों के बीच बहने वाले संधोय नदी पर आकर्षक झरने बेहद खुबसुरत है। यहां की श्रंखलाबद्ध पहाड़ियां प्राकृतिक अजूबों से भरा हुआ है। प्रकृति की गोद में बसा धारा फॉल पर्यटकों से गुलजार रहता है। गोतम धारा झरना न केवल अपनी सुंदरता से लोगों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि इसका धार्मिक महत्व भी स्थानीय ग्रामीणों में विशेष स्थान रखता है। चार वर्ष पूर्व कोराना काल में बना राम मंदिर लोगों के लिए आस्था का केंद्र बन गया है। गर्मी से तप रहे लोगों के लिए यह झारना राहत की सांस बन गई है। यहां की वादियां हर मौसम में ठंडक बनी रहती है। शांत और सुंदर जगह पर स्थित है गौतमधारा जलप्रपात गोला प्रखंड मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर गौतम धारा जलप्रपात एक शांत और सुंदर जगह में अवस्थित है। घने जंगलों के बीच स्थित यह झरना प्रकृति प्रेमियों और शांति की तलाश करने वालों के लिए एक स्वर्ग है। यहां का शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और प्रकृति के बीच कुछ समय बिताने के लिए यह एक बेहतरीन जगह है। कोरोनाकाल में बना राम मंदिर लोगों की आस्था का है केंद्र चार वर्ष पूर्व कोराना काल में यहां की हसीन वादियों में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया है। जो स्थानीय लोगों के लिए आस्था का केंद्र बन गया है। यहां पहली जनवरी से लेकर 14 जनवरी को दो दिवसीय मेला के आयोजन के साथ पिकनीक का सिलसिला खत्म होता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां की खुबसुरती से प्रभावित होकर गोला के शंभु स्वर्णकार ने राम मंदिर का निर्माण करवाया। कागजों में सिमट के रह गया वन विभाग का मास्टर प्लान वन विभाग ने इसे विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाया, जो आज तक कागजों में ही दफन हो कर रह गया। संधोय नदी अन्य पहाड़ी नदियों की तरह गर्मियों के मौसम में भी नहीं सुखती है। यहां की खुबसुरती को देखते हुए पूर्व में क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक आरसीसीएफ, मुख्य संरक्षक सीएफ, डीएफओ के अलावे उपायुक्त रामगढ़ ने दौरा कर इस क्षेत्र को विकसित करने को लेकर पहल की गई। गर्म कुंड का पानी है ग्रामीणों के लिए राम बाम जलप्रपात में एक गर्म कुंड है, जिसका पानी ग्रामीणों के लिए राम बाम आर्थात औषधीय पानी माना जाता है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गर्म कुंड में स्नान करने से कई बीमारियां दूर हो जाती हैं, खासकर त्वचा से संबंधित सभी तरह के चर्मरोग दूर हो जाते हैं। जिसके कारण इस जलकुंड में आस पास के ग्रामीणों की हमेशा भीड़ लगी रहती है। जब से यहां पर राम मंदिर का निर्माण हुआ है, इस जगह का महत्व काफी बढ़ गया है। बीमारियों में आराम होने के बाद लोग यहां जरुर माथा टेक कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेते हैं। वैसे भी प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण यह जगह घूमने के लिए काफी बेहतरीन जगह है। यहां आने वाले लोग आत्मीय सुकुन महसूस करते हैं। कुदरत का है बेहतरीन तोहफा यहां के झरने में आप ठंडे पानी में नहाने का आनंद भी ले सकते हैं। यह जलप्रपात अभी भी पर्यटकों की नज़रों में नहीं आया है। यहां आपको शांति और सुकून का अनुभव मिलेगा। अगर आप शांति की तलाश में हैं और कुदरत के बेहतरीन नजारों को करीब से देखना चाहते हैं तो एक बार यहां जरुर आएं। यहां के वादियों से आपका मन मस्तिष्क खुश होगा। आज तक मनुष्य ने जो कुछ हासिल किया वह सब प्रकृति से सीखकर ही किया है। कवियों ने प्रकृति के सानिध्य में रहकर एक से बढ़कर एक कविताएं लिखीं। इसी तरह आम आदमी ने प्रकृति के तमाम गुणों को समझकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव किए। धारा फॉल क्षेत्र के विकास के लिए मैं मुख्यमंत्री से बात करुंगी। - ममता देवी,विधायक रामगढ़ क्षेत्र को पर्यटन के रुप में विकसित करने से चोकाद व मगनपुर पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को बड़े स्तर पर रोजगार मिलेगा। साथ ही पलायन की समस्या भी रुकेगी। वहीं पत्थलगढ़ा में डैम बन जाने से डुंडीगाछी, हेठखारा, फुलझरीया, चोकाद, चक्रवाली आदि गांव के सैकड़ों किसानों को सिंचाई की समस्या से निजात मिलेगी। -मनोरंजन महतो,पंचायत समिति सदस्य, चोकाद फॉल घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। पर्यटकों के लिए यह जगह भले ही अंजान है। लोगों में झरना काफी लोकप्रिय है। -रुपा देवी,मुखिया,चोकाद पंचायत घने जंगलों व पहाड़ों के बीच बहने वाले संधोय नदी की जलप्रपात इस गोला प्रखंड को बहुत ही खूबसूरत बनाता है। -नुरुल्लाह अंसारी,मुखिया,मगनपुर पंचायत परिवार के साथ आने वाले मनोरम वादियों की सुंदर छटा में खो जाते हैं। यहां पर लोगों का आना जाना लगा रहता है। -गीता देवी,गोला प्रखंड प्रमुख पर्यटन स्थल के रुप में फॉल को विकसित करने से यहां की प्राकृतिक सुंदरता में और अधिक वृद्धि होगी। -अर्जुन राम महतो,पूर्व विधायक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए हैं। लेकिन आर्थिक तंगी व संसाधन की कमी के कारण सफलता नहीं मिली। -विनीत प्रभाकर,झामुमो नेता वातावरण आत्मा को छूने वाला अनुभव का एहसास कराता है। सरकार की उदासीनता के कारण इस स्थल की प्रसिद्धि नहीं हो सकी। -अमित महतो,कांग्रेस नेता आध्यात्मिक और मानसिक शांति का अनुभव होता है। सरकार को इसे पर्यटन स्थल के रुप में विकास करने पर जोर देना चाहिए। -महाबीर महतो घुमने के शौकीनों के लिए यह बेहतर स्थान है। सरकार की उपेक्षा से धारा फॉल अबतक बाहरी दूनिया के लिए अंजान बना हुआ है। -मुख्तार अंसारी यह जगह पर्यटन के लिए एक रोल मॉडल बनने की पूरी क्षमता रखता है। इसके बाद भी यह धारा फॉल अबतक उपेक्षित है। -पिंकी देवी,मुखिया,रकुवा क्षेत्र को विकसित करने की जरूरत है। जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार दोनों को बढ़ावा मिल सके। -गीतांजलि तिर्की,मुखिया,हेसापोड़ा सरकार को इसे पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करना चाहिए। ताकि स्थानीय युवाओं को यहां रोजगार मिल सके। -शिव शंकर कुमार,फोरेस्टर क्षेत्र को पर्यटक स्थल के रुप में विकसित करने से युवाओं को रोजगार मिलेगा। पर्यटकों की रुचि के अनुरुप दुकान खुलने से रोजगार मिलेंगे। -साकीर अंसारी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।