संयुक्त रूप से समन्वय बनाकर झारखंड आंदोलनकारियों के हितों के लिए करेंगे संघर्ष : राजू महतो
रामगढ़ में झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक हुई, जिसमें नेताओं ने झारखंड सरकार से मांग की कि आंदोलनकारियों के मामलों को लंबित रखना उचित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत करने और नियमावली में संशोधन...

रामगढ़, निज प्रतिनिधि। झारखंड अलग राज्य के चिन्हित आंदोलनकारी कल्याण समिति, झारखंड आंदोलनकारी महासभा और झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा (जर्मन बास्की गुट) के सभी कोर कमेटी सदस्यों की एक बैठक झारखंड आंदोलनकारी सह विधायक मथुरा प्रसाद महतो के आवासीय परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड आंदोलनकारी महासभा के केन्द्रीय अध्यक्ष राजू महतो ने की। जबकि, बैठक का संचालन झारखंड अलग राज्य चिन्हित आंदोलनकारी कल्याण समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष रमेश कुमार साहू ने की। बैठक में अध्यक्षता करते हुए राजू महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के मामले को लंबित रखना झारखंड सरकार के लिए उचित नहीं है। मुख्यमंत्री से आग्रह है कि झारखंड आंदोलनकारियों से वार्ता करें और आंदोलनकारियों के लिए बनी नियमावली में संशोधन कर जेल जाने की बाध्यता समाप्त करें।
आगे कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की ओर से तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को लिखे पत्र के अनुरूप गुरुजी मॉडल लागू करें। उन्होंने कहा कि जल्द ही झारखंड आंदोलनकारियों के हितों की लड़ाई को तेज करने के लिए सभी आंदोलनकारी संगठन की बैठक कर जल्द ही एक समन्वय समिति का गठन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड अलग राज्य चिन्हित आंदोलनकारी कल्याण समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष रमेश कुमार साहू ने कहा कि आगामी जुलाई माह में चिन्हितीकरण आयोग का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। फिर आंदोलनकारी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आखिर कहां जाएंगे। ऐसे स्थिति के लिए सरकार को चाहिए कि झारखंड आंदोलनकारियों के लिए सबसे पहले आधार कार्ड की तरह आंदोलनकारियों के लिए सरकार के गृह विभाग के जरिए डिजिटल पहचान पत्र निर्गत की जाए। बैठक को महासमा के प्रधान महासचिव क्यूम खान, महासचिव महावीर विश्वकर्मा, केन्द्रीय महासचिव शिवशंकर शर्मा (धनबाद), मोतीलाल महतो, रवि सहाय (रामगढ़), केन्द्रीय संयोजिका विनिता खलखो, एरेन कच्छप, केन्द्रीय समिति सदस्य महेन्द्र मुंडा, हारून रशीद, लोहरदगा जिला अध्यक्ष अनिल कुमार भगत, कार्यकारी अध्यक्ष अमर किन्डो, सचिव विशेषण भगत, निरसा के अध्यक्ष ईश्वरी साहू आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 12 जून को पुराने विधानसभा (धुर्वा) रांची में सभी झारखंड आंदोलनकारी संगठनों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।