'एमपी में का बा' गाने वाली नेहा सिंह राठौड़ के खिलाफ प्रदर्शन, शिवराज की तुलना कंस से करने का आरोप
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अपमान किया गया है। महिला मोर्चा की सदस्य शहर के रीगल स्क्वायर पर जुटे थे और यहां पर उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

भोजपुरी गायिका नेहा सिंह राठौड़ पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अपमान करने का आरोप लगा है। इस मामले में वुमेन विंग के सदस्यों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इंदौर में नेहा सिंह राठौड़ के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। उत्तर प्रदेश की गायिका नेहा सिंह राठौड़ के नये गाने को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसी गाने के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का अपमान किया गया है। महिला मोर्चा की सदस्य शहर के रीगल स्क्वायर पर जुटे थे और यहां पर उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और नेहा सिंह राठौड़ के खिलाफ नारेबाजी की।
पत्रकारों से बातचीत में महिला मोर्चा की महासचिव (शहर), सविता अखंड ने दावा किया राठौड़ ने 'एमपी में का बा' गाना गया है। आरोप लगाया है कि इस गाने में 'मामा' की तुलना पौराणिक पात्र कंस और शकुनि के साथ की गई है। बता दें कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री को 'मामा' के नाम से जाना जाता है।
महिला मोर्चा का कहना था कि नेहा सिंह राठौड़ को शर्म आना चाहिए। मोर्चा का कहना था कि उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि एमपी में का बा गाने के जरिए वो शिवराज 'मामा' को दर्शा रही हैं। महिला मोर्चा की तरफ से यह भी कहा गया कि नेहा सिंह के खिलाफ इस मामले में जल्द ही केस भी दर्ज करवाया जाएगा।
इस गाने को लेकर कहा जा रहा है कि सीधी पेशाबकांड को लेकर यह गाना बनाया जा रहा है। इसके अलावा इसमें महालोक घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला तथा व्यापमं घोटाले पर तंज कसा गया है। इस गाने में लाड़ली बहन योजना पर भी निशाना साधा गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।