दूधवाले, अखबारवाले और बिल्डिंग गार्ड का आया फोन, फिर… अंदर का नजारा देख दंग रह गई पुलिस
मुंबई के वर्ली में रविवार को एक पति ने अपनी पत्नी को मारकर खुद की जान भी ले ली। कथित तौर पर 60 वर्षीय शख्स इस बात से नाराज था कि उसकी पत्नी विवाद के समय हमेशा बेटे का पक्ष लेती थी, उसका नहीं।

Mumbai: बीते रविवार मुंबई से पारिवारिक कलह में जान लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद की भी जान ले ली। डबल मर्डर का यह केस सामने आने के बाद सिद्धार्थ नगर, वर्ली में दहशत का माहौल है। पीड़ितों की पहचान 60 वर्षीय राजमनोहर नम्पेली और 52 वर्षीय लता नम्पेली के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक घटना में समय दंपत्ति का 30 वर्षीय बेटा और उसकी पत्नी भी घर में मौजूद थे। उस समय वे दोनों कथित तौर पर बेडरूम में सो रहे थे। वहीं दोनों मृतक हॉल में मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे वर्ली पुलिस को एक दूधवाले, एक अखबार वाले और एक बिल्डिंग गार्ड ने पुलिस को फोन कर गोली की आवाज के बारे में बताया। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को बुजुर्ग दंपत्ति की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई मिली।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े 5 से साढ़े 6 बजे के बीच राजमनोहर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी लता को गोली मार दी। उस समय वह सो रही थी। इसके बाद वह घर के गलियारे में गया और खुद को भी गोली मार ली। शख्स ने इस भयावह घटना को अंजाम देने के लिए देशी पिस्तौल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया है कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि शख्स ने घरेलू झगड़ों से तंग आकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस को शक है कि राजमनोहर इस बात से दुखी था कि उसकी पत्नी विवाद के दौरान हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।