दिल्ली-NCR में लगातार 6 दिन बारिश, 3 दिन येलो अलर्ट; पूरे हफ्ते के लिए IMD का ताजा अपडेट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज से लगातार 6 दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी ने 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन दिनों में बारिश के साथ ही आंधी चलने की भी संभावना है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज से लगातार 6 दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी ने 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन दिनों में बारिश के साथ ही आंधी चलने की भी संभावना है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को बादल छाए रहने तथा कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार 24 जून तक गर्मी से राहत मिलने की भविष्यवाणी की है। शुक्रवार से मंगलवार तक दिल्ली में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, आज यानी गुरुवार, शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन तीन दिनों में बारिश के साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
शुक्रवार को भी गरज के साथ हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान थोड़ा बढ़कर 36 से 38 डिग्री के बीच और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन दोनों दिनों में गरज के साथ हल्की या मध्यम बारिश होने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की उम्मीद है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार, सोमवार को हल्की बारिश होने और हवाएं चलने की उम्मीद है। तापमान में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में कोई बदलाव की संभावना नहीं है जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
संतोषजनक श्रेणी में रही वायु गुणवत्ता
दिल्ली में सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 99 पर होने के कारण यह संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का AQI 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।