मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण शुरू
गाजियाबाद में किसानों के लिए मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण शुरू हो गया है। विभाग ने 4860 किसानों की भूमि के नमूने लेकर उनकी जांच कृषि विज्ञान केंद्र में कराई। अब किसानों को स्वास्थ्य कार्ड दिए जा रहे...

गाजियाबाद, संवाददाता। जिले के किसान को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण शुरू हो गया है। विभाग के कर्मचारियों ने 4860 किसानों की भूमि के नमूने लिए थे, जिसके बाद नमूनों की जांच के लिए उनको कृषि विज्ञान केंद्र भेजा था। विज्ञान केंद्र से जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने अब किसानों को स्वास्थ्य कार्ड का वितरण शुरू किया है। कृषि उपनिदेशक राम जतन मिश्र ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के अंतर्गत किसानों की भूमि के नमूने लिए गए थे। विभाग के कर्मचारियों ने गांव गांव जाकर 20 गांव से यह नमूने एकत्रित किए थे। मृदा स्वास्थ्य कार्ड लेने वाले किसानों को विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में वरियता दी जाती है।
मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सहायता से किसान अपनी भूमि के बारे में सभी बातें जान सकेंगे। किसानों को उनकी भूमि में किस पोषक तत्व या पदार्थ की कमी है इसकी सटीक जानकारी मृदा स्वास्थ्य कार्ड द्वारा दी जाती है। ज्यादातर किसान अपनी मिट्टी की जांच कराए बिनी खेती करते है। जिससे उनको खेती की सही उपज नहीं मिल पाती है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड में मिट्टी के नमूने से 12 प्रकार की जांच की जाती है। जिसमें कार्बन, पोटेशियम, जिंक, आर्यन आदि शामिल है। किसान जरूरत के अनुसार पोषक तत्वों या पदार्थों को खेती में इस्तेमाल कर फसल में अधिक रसायन के नुकसान से बच सकते हैं। स्वास्थ्य कार्ड की मदद लेकर फसल उगाने से उनकी लगत में भी कमी आती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।