वार्ड समिति चुनाव : उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए, दो जून को फैसला
- भाजपा ने आठ, आप ने 11 जोन में दोनों अध्यक्ष और उपाध्यक्ष उम्मीदवार उतारे, - कांग्रेस ने नामांकन दाखिल नहीं किया, पिछली बार दो जोन के लिए किया था

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली नगर निगम के सभी 12 जोन में वार्ड समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर दो जून को चुनाव होंगे। मंगलवार को कांग्रेस को छोड़कर सभी अन्य राजनीतिक दलों ने नामांकन दाखिल किए। निगम मुख्यालय स्थित ए ब्लॉक में निगम सचिव शिव प्रसाद, सहायक सचिव मुकेश कुमार और जितेंद्र कुमार की उपस्थिति में उम्मीदवारों ने सुबह 11 से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए। भाजपा ने 21, आम आदमी पार्टी ने 25 और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने उम्मीदवार उतारे। वार्ड समिति के चुनाव के बाद स्थायी समिति के गठन का रास्ता भी साफ हो जाएगा।
इससे पहले बीते वर्ष चार सितंबर को वार्ड समिति के चुनाव संपन्न हुए थे। उस दौरान सात जोन की वार्ड समिति पर भाजपा ने और पांच जोन की वार्ड समिति पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीता था। हालांकि, बीते दो सप्ताह के दौरान निगम की सत्ता में राजनीतिक उलटफेर के बाद संभावना जताई जा रही है कि भाजपा को वार्ड समिति में बढ़त मिलने के आसार हैं। इन जोन में होंगे चुनाव - भाजपा ने सिविल लाइंस जोन, केशवपुरम जोन, नरेला जोन, मध्य जोन, दक्षिण जोन, नजफगढ़ जोन, शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिण जोन की कुल आठ जोन की वार्ड समिति के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर उम्मीदवार उतारें है। इसके अलावा भाजपा ने रोहिणी जोन और पश्चिम जोन की वार्ड समिति से सिर्फ उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार उतारें हैं। सिटी सदर पहाड़गंज जोन और करोल बाग जोन में उम्मीदवार नहीं उतारा है। - आम आदमी पार्टी ने सिटी सदर पहाड़गंज जोन, सिविल लाइंस जोन, करोल बाग जोन, रोहिणी जोन, नरेला जोन, पश्चिम जोन, दक्षिणी जोन, नजफगढ़ जोन और शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिण जोन की कुल 11 जोन की वार्ड समिति के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर उम्मीदवार उतारें हैं। मध्य जोन की वार्ड समिति से सिर्फ अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार उतारा है। - नए गठित राजनितिक दल इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने रोहिणी जोन और पश्चिम जोन की वार्ड समिति के लिए सिर्फ अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार उतारें हैं। यहां रिक्त पदों पर चुनाव होंगे आप ने सिटी सदर पहाड़गंज जोन और दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के रिक्त सदस्य पद के लिए उम्मीवारों को उतारा, जबकि भाजपा ने दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य के लिए उम्मीदवार उतारा है। आप के दक्षिणपुरी से पार्षद रहे प्रेम चौहान दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य चुने गए थे और चांदनी चौक से पार्षद रहे पुनर्दीप सिंह सिटी सदर पहाड़गंज जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य चुने गए थे। दोनों के विधायक बनने के बाद अब फिर इन दोनों वार्ड समिति में से स्थायी समिति के दो सदस्य पद रिक्त हो गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।