चांदनी चौक का आईना बनेगा लाहौरी गेट म्यूजियम
लाहौरी गेट म्यूजियम चाँदनी चौक की ऐतिहासिक धरोहर का प्रतीक बनेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बताया कि एक वर्ष में यह हेरिटेज इमारत तैयार हो जाएगी। म्यूजियम में चाँदनी चौक की संस्कृति, खान-पान...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। लाहौरी गेट म्यूजियम जल्द ही चांदनी चौक का आईना बनने वाला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने कहा कि एक वर्ष के अंदर लाहौरी गेट म्यूजियम की हेरिटेज इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। करीब 24 वर्ष के लंबे समय में यह म्यूजियम शुरू होगा। गुरुवार को लाहौरी गेट म्यूजियम पर पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बताया कि यहां कभी टूटी -फूटी डिस्पेंसरी थी। 2003 में उन्होंने अपने सांसद निधि (एमपीलैड फंड) से 50 लाख रुपये देकर इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में मामला अटक गया और यह इमारत जीर्ण-शीर्ण हो गई। इसके बाद 2018 में संस्कृति मंत्रालय से चार करोड़ रुपये की फंडिंग के साथ जीर्णोद्धार का काम शुरू हुआ, जो अब अपने आखिरी चरण में है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अगले छह महीनों में म्यूजियम को सजाने के लिए दूर-दूर से कारीगर और पुरानी कला से जुड़ी सामग्री लाई जाएंगी। यह म्यूजियम न केवल एक प्रदर्शनी केंद्र होगा, बल्कि ऐसा मॉडल होगा जहां से देसी-विदेशी पर्यटक चाँदनी चौक की तमाम ऐतिहासिक धरोहर और मशहूर खाने-पीने की दुकानों के बारे में एक जगह जानकारी हासिल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर्यटकों को लाल किला, जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद, गौरीशंकर मंदिर, जैन मंदिर, गुरुद्वारा शीशगंज, और चांदनी चौक के प्रसिद्ध बाजारों जैसे किराना, ड्राई फ्रूट, हैंडीक्राफ्ट, और मीना बाजार की पूरी जानकारी मिलेगी।
म्यूजियम में चांदनी चौक के खान-पान, रहन-सहन, और पुरातन संस्कृति को चित्रों, मूर्तियों और प्रदर्शनियों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। यहां गाइड, कैंटीन, और खान-पान की व्यवस्था भी होगी, जिससे पर्यटकों को एक समग्र अनुभव मिलेगा। गोयल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है, लेकिन फंडिंग की व्यवस्था उन्होंने अन्य सांसदों के सहयोग से की है। उन्होंने कहा, “यह म्यूजियम चांदनी चौक का आईना होगा, जहां विदेशी पर्यटक पुरानी दिल्ली की संस्कृति और इतिहास को एक ही स्थान पर देख सकेंगे।” यह म्यूजियम न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि दिल्ली की समृद्ध धरोहर को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।