NDMC Introduces Mist Spray System on Shanti Path and Africa Avenue to Combat Pollution शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू पर भी मिस्ट स्प्रेयर लगाने की शुरुआत, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsNDMC Introduces Mist Spray System on Shanti Path and Africa Avenue to Combat Pollution

शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू पर भी मिस्ट स्प्रेयर लगाने की शुरुआत

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने लोधी रोड के बाद शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू पर मिस्ट स्प्रे लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। यह प्रणाली वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और तापमान को कम करने में मदद करेगी।...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 6 June 2025 06:19 PM
share Share
Follow Us on
शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू पर भी मिस्ट स्प्रेयर लगाने की शुरुआत

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने लोधी रोड के बाद अब शांति पथ और अफ्रीका एवेन्यू पर भी मिस्ट स्प्रे लगाने की शुरुआत की है। इनको बिजली के खंबों पर लगाया जा रहा है। प्रदूषण की रोकथाम के साथ-साथ इससे तापमान को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलेगी। एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि लोधी रोड पर किए गए प्रयोग को मिली सफलता के बाद अब प्रमुख सड़कों पर भी इसे लगाने की शुरुआत की जा रही है। अफ्रीका एवेन्यू के लगभग 850 मीटर लंबे खंड में 30 बिजली के खंबों पर मिस्ट स्प्रेयर लगाए जाएंगे।

इनमें से प्रत्येक खंबे पर पांच नोजल होंगे और हर नोजल में छह छिद्र होंगे। इससे प्रति खंबा 30 बिंदुओं से एक साथ जल का छिड़काव किया जा सकेगा। यह प्रणाली प्रति खंबा प्रति घंटे लगभग 84 लीटर जल का उपयोग करेगी। उपचारित जल का प्रयोग इस काम के लिए किया जाएगा। इसके लिए पांच हजार लीटर की क्षमता वाले चार टैंकर स्थापित किए जाएंगे। वहीं, शांति पथ पर लगभग 900 मीटर खंड में भी इसी प्रकार की प्रणाली स्थापित की जाएगी। चहल ने बताया कि इस परियोजना का कार्यादेश जारी किया जा चुका है और इसे जुलाई-अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिजली के खंबों पर लगाए जाने वाले मिस्ट स्प्रेयर वायु प्रदूषण नियंत्रण का एक आधुनिक और प्रभावी उपाय हैं। ये स्प्रेयर हवा में मौजूद धूलकणों और प्रदूषकों को छोटे-छोटे जलकणों के माध्यम से नीचे गिरा देते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होता और लोगों को एक स्वच्छ वातावरण मिलता है। विशेष रूप से घनी आबादी और उच्च यातायात वाले क्षेत्रों में इनकी उपयोगिता बढ़ जाती है। यह प्रणाली हरियाली बनाए रखने में भी सहायक होती है। जबकि, जल संरक्षण के उद्देश्य से इसमें उपचारित जल का उपयोग किया जाता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।