खरीफ फसल बढ़ाने के लिए किसानों को फ्री में ये चीज बांटेगी योगी सरकार, कृषि मंत्री ने की घोषणा
खरीफ की फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कमर कस ली है। जल्द 4.58 लाख मिनी किट किसानों को मुफ्त बांटी जाएंगी। शुक्रवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जानकारी देते हुए इसकी घोषणा की।

खरीफ की फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कमर कस ली है। जल्द 4.58 लाख मिनी किट किसानों को मुफ्त बांटी जाएंगी। शुक्रवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जानकारी देते हुए इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया, जो मिनी किट बांटी जाएंगी उनमें दलहन की 1.05 लाख मिनी किट होंगी, जिसमें उड़द, मूंग व अरहर शामिल है। वहीं एक लाख मिनी किट तिल और छह हजार मिनी किट मूंगफली की शामिल हैं। वहीं श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए सांवा, कोदों, ज्वार, बाजरा व रागी की 2.47 लाख मिनी किट बांटी जाएंगी।
लोकभवन में कृषि मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में खरीफ की फसलों की समय पर बुवाई और अच्छा उत्पादन हो इसके लिए किसानों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कुल 410.67 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यही नहीं उन्होंने 29 मई से शुरू हुए विकसित कृषि संकल्प अभियान की प्रगति की रिपोर्ट भी रखी। यह अभियान 12 जून तक चलेगा। लैंड टू लैब के तहत 550 कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत खेती के बारे में जानकारी दे रहे हैं और उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्हें टिप्स दे रहे हैं। प्रदेश भर में 10125 स्थानों पर वैज्ञानिक कृषक संवाद व प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। अभी तक 4959 स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है। जिससे 8.39 लाख किसानों ने प्रतिभाग किया है। प्रतिभाग करने वाले किसानों में 6.48 लाख पुरुष और 1.91 लाख महिला किसान शामिल हैं।
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 में मक्के की खेती को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू किया गया था। जिसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2013 में मंडियों में जहां 3.95 लाख मिट्रिक टन मक्के की आवक थी अब वह बढ़कर 27 लाख मिट्रिक टन पहुंच गई है। 24 जिलों में किसान आलू के साथ ही मक्के की पैदावार कर आमदनी बढ़ा रहे हैं। इस वर्ष अप्रैल से अब तक 2.32 लाख मिट्रिक टन मक्का मंडी में पहुंच चुका है।
मक्का किसानों से सीएम करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मक्का किसानों से संवाद करेंगे और तेजी से बढ़ रही मक्के की खेती की जमीनी हकीकत भी देखेंगे। रविवार को वह कानपुर के बिल्हौर में मक्का किसानों से संवाद कर सकते हैं। कृषि मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है।