बोले बरेली असर: महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी ट्रेनिंग, 11 डीआरपी की नियुक्ति
Bareily News - हिन्दुस्तान ने बरेली में महिला स्वयं सहायता समूहों की परेशानियों को उजागर किया। प्रशासन ने 11 डीआरपी नियुक्त किए हैं, जो 13663 समूहों की 1,36,630 महिलाओं को प्रशिक्षण देंगे। यह प्रशिक्षण उत्पादों की...

हिन्दुस्तान ने बोले बरेली अभियान के तहत 20 मार्च के अंक में महिला स्वयं सहायता समूहों की परेशानियों को प्रकाशित किया था। समूह की महिलाओं ने बेहतर प्रशिक्षण के लिए एक्सपर्ट से ट्रेनिंग दिलाने की मांग रखी थी। खबर का संज्ञान लेकर प्रशासन ने समूह की सदस्यों को ट्रेनिंग देने के लिए 11 डीआरपी (डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन) नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। दो सप्ताह में डीआरपी जिम्मेदारी संभाल लेंगे। इससे बरेली की 1188 ग्राम पंचायतों में 13663 महिला स्वयं सहायता समूह की 1,36,630 महिलाएं लाभान्वित होंगी। बरेली की 1188 ग्राम पंचायतों में13663 महिला स्वयं सहायता समूह हैं। इन समूहों से करीब 1,36,630 महिलाएं जुड़ी हुईं हैं। समूह की महिलांए बांस-बेंत के फर्नीचर से लेकर जलकुंभी और अचार-मुरब्बा तक तैयार कर रही हैं। कुछ महिला समूह ड्रेस और सॉफ्ट खिलौने बना रहे हैं। उत्पादों की गुणवत्ता में ट्रेनिंग की कमी साफ दिखाई दे रही है। कई बार उत्पाद की गुणवत्ता अच्छी होने के बावजूद पैकिंग बेहतर नहीं हो पाने की वजह से महिला समूह मात खा रहे हैं। हिन्दुस्तान ने महिला समूहों की परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया। एनआरएलएम के तहत बरेली में 11 डीआरपी की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई। तीन दिन पहले सीडीओ की अध्यक्षता वाली कमेटी ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। 44 अभ्यर्थियों में से 11 को चुना गया है। डीआरपी ब्लॉक वार महिला समूहों को ट्रेनिंग देंगे। उत्पाद को तैयार करने से लेकर पैकिंग और मार्केटिंग की बारीकियां भी समझाएंगे।
महिला समूहों को स्थाई बिल्डिंग देने की तैयारी
प्रशासन महिला समूहों को अपने उत्पादों को बेचने के लिए स्थाई जगह देने की तैयारी कर रहा है। शहर और आसपास बिल्डिंग की तलाश की जा रही है। एक सप्ताह में बिल्डिंग फाइनल होने की उम्मीद है।
महिला समूह की सदस्यों को ट्रेनिंग देने के लिए 11 डीआरपी की जल्दी तैनाती हो जाएगी। डीआरपी की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई है। डीआरपी हिला समूहों को ब्लॉक वार ट्रेनिंग देंगे। महिला समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर करने पर फोकस रहेगा। - योगेंद्र भारती, डीसी एनआरएलएम
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।