बदला मौसम का मिजाज, बारिश से गिरा तापमान
Basti News - बस्ती। मानसून की पहली बारिश के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत

बस्ती। मानसून की पहली बारिश के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। गुरुवार भोर से शुरू हुई बारिश से मौसम में नरमी आ गई है। मौसम सुहाना होने से लोग इसका आनंद भी लिए। सुबह तक बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। वहीं बारिश के बाद शहरी सड़कों पर कीचड़ फैल गया, इससे राहगीरों को परेशानी हुई। धान की रोपाई के लिए बारिश की आस में बैठे किसान के चेहरे खिलखिला उठे। बारिश के कारण कंपनीबाग चौराहे पर निर्माणाधीन पुलिया के पास आवागमन खतरनाक हो गया है। रोड़े पर पड़ी मिट्टी बारिश से गीली हुई। वाहनों के आवागमन से मिट्टी सड़क पर फैल गई।
इससे लोग फिसल कर गिर जा रहे हैं। यह समस्या कंपनीबाग के चारों तरफ है। इससे राहगीर परेशान दिखे। सड़क पर ही पानी जमा होने से आवागमन में परेशानी हुई। इसके अलावा बभनगांवा, तुर्कहिया, मिश्रौलिया, नरहरिया समेत दक्षिण दरवाजा के पास सड़क पर जलभराव दिखा। बाद में पानी हटने पर सड़कों पर कीचड़ फैल गया। इससे लोगों को परेशानी हुई। छीटें पड़ने से कपड़े खराब हो गए। बारिश से किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान आई है। तैयार धान नर्सरी को संजीवनी मिली है तो कहीं-कहीं किसान धान रोपाई की भी शुरूआत हो गई। गन्ना फसल के साथ अन्य फसल को फायदा पहुंचा है। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के अनुसार अभी मौसम सामान्य रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।