अराजक तत्वों ने पशु अस्पताल में की तोड़ फोड़, पशु मित्र को पीटा
Deoria News - सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। पशु अस्पताल पर सूई लगने से कुत्ते की मौत से नाराज

सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। पशु अस्पताल पर सूई लगने से कुत्ते की मौत से नाराज लोगों ने पशु मित्र को बेरहमी से पीट दिया। यही नहीं इस दौरान अस्पताल में भी उन लोगों ने जम कर तोड़ फोड़ किया। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची अराजक तत्व फरार हो गए। मझौलीराज उपनगर वार्ड नम्बर 6 के निवासी श्यामू कुमार (22) पुत्र संतोष कुमार गोंड़ सलेमपुर पशु चिकित्सालय पर पशु मित्र पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को चिकित्सालय पर मौजूद थे। 12 बजे के करीब कुछ अराजक तत्व अस्पताल में अंदर घुस गए और श्यामू कुमार की जमकर पिटाई कर दी। यहीं नहीं उन मनबढ़ों ने पशु अस्पताल में अलमारी के समान फेंकते हुए कुर्सी मेज भी तोड़ दिया।
करीब आधा घंटे तक वे लोग बवाल करते रहे। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक अराजकतत्व मौके से फरार हो गए थे। पुलिस घायल पशु मित्र को इलाज के लिए सीएचसी लेकर आई। उसके सिर में गम्भीर चोटें होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कोतवाल संतोष कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति के कुत्ते की पशु अस्पताल पर इलाज के बाद मौत हो गई थी। इसी बात को लेकर कुछ अराजक तत्वों ने पशु मित्र को मारने-पीटने के साथ ही पशु अस्पताल में तोड़ फोड़ की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।