फरार बंदी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बनी चुनौती
Deoria News - देवरिया में, पाक्सो एक्ट के एक फरार बंदी की गिरफ्तारी में पुलिस को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। फरार आरोपी शिवा बांसफोर ने 8 अप्रैल को एक किशोरी का अपहरण किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और...

देवरिया, निज संवाददाता। दीवानी न्यायालय में पेशी पर आए पाक्सो एक्ट के फरार बंदी की गिरफ्तारी को पुलिस की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। फरार बंदी के मोबाइल का प्रयोग न करने के चलते पुलिस को उसका कोई लोकेशन ही नहीं मिल पा रहा है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन व रोडवेज के पास भी सीसी फुटेज खंगाला, लेकिन कोई अहम जानकारी नहीं मिल पाई। हालांकि पुलिस अधिकारी जल्द ही फरार बंदी को गिरफ्तार कर लेने का दावा कर रहे हैं। कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली के ग्राम गांधी नगर निवासी शिवा बांसफोर अपनी रिश्तेदारी की एक किशोरी का महुआडीह थाना क्षेत्र से बहला-फुसलाकर 8 अप्रैल को अपहरण कर लिया था।
इस मामले में महुआडीह पुलिस पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर दो मई को शिवा पुत्र राजेंद्र बांसफोर को जेल भेजी थी। गुरुवार को उसकी डीएनए टेस्ट के लिए न्यायालय में पेशी थी, हेड कांस्टेबल उसे दीवानी न्यायालय के हवालात से लेकर न्यायालय पहुंचा और पेशी कराने के बाद न्यायालय परिसर स्थित हवालात की तरफ ले जा रहा था। इसी बीच शिवा हेड कांस्टेबल श्रीकृष्ण राम को धक्का दे दिया और फिर चहारदीवारी फांद फरार हो गया। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना हैकि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगी हैं। जगह-जगह सीसी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस उसके रिश्तेदारों के यहां भी दस्तक दी और उसके बारे में पता करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत चार टीमें लगी हैं। जल्द ही बंदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अरविंद कुमार वर्मा एएसपी, देवरिया
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।