गोकशी पर हंगामे का खेल पलटा, मुस्लिम से पैसे लेकर हिंदूवादी नेता ने किया प्रदर्शन, गिरफ्तार
यूपी के सहारनपुर में मुस्लिम दोस्त से पैसे लेकर हिंदूवादी नेता ने गोवंश हत्या पर हंगामा खड़ा किया था। पुलिस ने हिंदुवादी नेता का खेल उजागर करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद से हर कोई हैरान है।

यूपी के सहारनपुर में हिन्दू संगठन ने सड़क पर गोवंश के सिर (कंकाल) रखकर गोकशी के खिलाफ हंगामा किया। हिन्दू योद्धा परिवार संगठन के संस्थापक विश सिंह कांबोज के नेतृत्व में गोवंश की हत्या करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कहकर किसी तरह मामला शांत किया। अब पूरा खेल ही पलट गया है। हिंदूवादी कंबोज ने अपने मुस्लिम दोस्त टीपू कुरैशी से 50 हजार रुपए लेकर पूरा हंगामा किया था। टीपू कुरैशी अपने एक परिचित को गोकशी में फंसाना चाहता था। गोवंश के कंकाल का इंतजाम भी टीपू ने कराया था। पुलिस ने विश सिंह कंबोज को गिरफ्तार कर लिया है। टीपू की तलाश की जा रही है।
सरसावा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सहारनपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के राधागोपाल नगर निवासी विश सिंह कांबोज उर्फ शैंकी को अंबाला रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक साजिश के तहत हिंदू योद्धा परिवार के संस्थापक विश सिंह कांबोज ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर लोगों में वैमनस्य फैलाने और दो समुदाय के बीच माहौल खराब के उद्देश्य से भी जाम लगाया है।
आरोपी का दोस्त टीपू कुरैशी निवासी 62 फुटा रोड भी मुकदमें नामजद है, जो फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी आरोपी ने कई माह पुराने गोवंश के मुंह के कंकाल विश सिंह कांबोज को उपलब्ध कराए थे, जिनको हाईवे पर रखकर विश सिंह कांबोज ने जाम लगाया। टीपू कुरैशी अपने दुश्मन को फंसाना चाहता था। इसलिए उसने विश सिंह कांबोज के जरिए अपने दुश्मन को गोकशी में फंसाने के लिए जाम लगवाया।
यह था प्लान, लिए थे 50 हजार
इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि विश सिंह कांबोज और उसके दोस्त टीपू कुरैशी ने पूरी साजिश रची है। दरअसल, टीपू कुरैशी की सरसावा क्षेत्र में रहने वाले गोकशी करने वाले एक व्यक्ति से रंजिश चल रही थी। उसको फंसाने के लिए टीपू कुरैशी ने प्लान तैयार किया। उसने विश सिंह कांबोज से कहा कि तुम सरसावा में गोकशी होने का आरोप लगाते हुए जाम लगा दो। इसी बीच वह भी मौके पर पहुंच जाएगा और अपने दुश्मन का नाम गोकशी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के सामने बोलेगा। ताकि पुलिस उसके दुश्मन को गिरफ्तार कर ले। इसके बदल विश सिंह कांबोज ने 50 हजार रुपये पेशगी के तौर पर लिए थे। बाकी रुपये पूरा काम होने के बाद देने का सौदा तय हुआ था।
ऑडियो भी आया सामने, गोकशों से संपर्क होने की भी चर्चा
इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि विशं कांबोज ने हिंदू योद्धा परिवार के नाम से संगठन बना रखा है, जिसमें कई युवाओं को भी संगठन से जोड़ रखा है। पुलिस के मुताबिक, एक ऑडियो भी विश सिंह कांबोज के पास से बरामद हुआ है, जिसमें पूरी साजिश को लेकर चर्चा की जा रही है। आरोप है कि विश सिंह कांबोज लंबे समय से गोकशों के संपर्क में है, जो इन्हें पकड़ने वाला डर दिखकर अवैध वसूली भी करता है। इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पूछताछ में इन सभी बातों के खुलासे हुए हैं। फरार टीपू कुरैशी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।