कुशीनगर में पाक नागरिक व दो मददगार गिरफ्तार
Kushinagar News - पडरौना (कुशीनगर), निज संवाददाता। कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र से पुलिस

पडरौना (कुशीनगर), निज संवाददाता। कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र से पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय पहचान पत्रों के साथ गिरफ्तार किया है। वह 1957 में लंबी अवधि के वीजा (एलटीवी) पर यहां आया था। 2023 से वीजा का नवीनीकरण नहीं हुआ था। इस दौरान उसने फर्जी आधार, पैन, आयुष्मान व राशन कार्ड बनावा लिया। पुलिस ने भारतीय पहचान बनवाने में मददगार सीएचसी संचालक समेत दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पटहेरवा पुलिस ने एलटीवी वीजा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिक सेराजुल हक को गिरफ्तार किया है। वह पटहेरवा थानान्तर्गत पिपराकनक के गगलवा चैनपट्टी में रह रहा था।
सेराजुल हक ने यहां फर्जी तरीके से आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, आयुष्मान कार्ड व पैन कार्ड भी बनवा लिया था। इन दस्तावेजों का उपयोग कर वह विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहा था। उसका फर्जी पैनकार्ड चांद अख्तर निवासी कुचिया पिपरा थाना पटहेरवा और फर्जी तरीके से आधार कार्ड सीएचसी संचालक शब्बीर आजम निवासी दुदही वार्ड नंबर 6 एपीजे अब्दुल कलामनगर थाना विशुनपुरा ने बनवाया था। गोपनीय जानकारी के आधार पर एलआईयू व पटहेरवा पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर पटहेरवा थाने में नागरिकता अधिनियम, प्रतिबंधित क्षेत्र में निवास करने से संबंधित विदेशी अधिनिधियम, धोखाधड़ी, कूटरचना, जानबूझकर क्षति और बेइमानी से संपत्ति प्राप्त करने आदि की धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फर्जी तरीके से बनवाए पहचान पत्रों से ले रहा था योजनाओं का लाभ एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि पाकिस्तानी नागरिक सेराजुल हक एलटीवी पर निवास करने के दौरान फर्जी तरीके से बनवाए विभिन्न पहचान पत्रों व दस्तावेजों का उपयोग कर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहा था। उसके फर्जी आधार कार्ड को सहज जन सेवा केन्द्र संचालक शब्बीर आजम ने जबकि पैन कार्ड को चांद अख्तर ने है। यह फर्जी कागजात दस साल पहले बनाए गए हैं। तीनों की गिरफ्तारी कर विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान अन्य जो भी व्यक्ति प्रकाश में आएंगे, उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।