दादी की हत्या कर पौत्र रात भर कमरे में सोया, बचने के लिए सुबह चला गया स्कूल
Lucknow News - मलिहाबाद के मुजासा गांव में 14 साल के किशोर ने अपनी 70 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। दादी ने स्कूल की फीस देने से मना किया था। किशोर ने तकिया और हाथ से गला दबाकर हत्या की और फिर स्कूल चला गया। पुलिस ने...

मलिहाबाद के मुजासा गांव में बुधवार रात रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में 14 साल के किशोर ने अपनी 70 वर्षीय दादी का मुंह तकिया और हाथ से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह उसी कमरे में रात भर सोया, फिर सुबह उठकर नहा धोकर तैयार हुआ और स्कूल चला गया। दोपहर में वृद्धा का फोन न रिसीव होने पर आलमबाग में रहने वाली उनकी बेटी ने पड़ोसी को घर भेजा तो मौत की जानकारी हुई। स्कूल से लौटे पौत्र से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक वृद्धा अपने पौत्र के साथ रह रही थी।
10 साल पहले उसके बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद बहू छोड़कर चली गई थी। पौत्र साथ में रह रहा था। वह कक्षा आठ का छात्र था। डेढ़ हफ्ते पहले वह वृद्धा के देवर के घर चला गया था। बुधवार रात करीब नौ बजे लौटा। उसने दादी से स्कूल की फीस मांगी। दादी ने फीस देने में आनाकानी की। उन्होंने कहा कि जब साथ रहोगे तब स्कूल की फीस देंगे अन्यथा नहीं। इसके बाद खाना खाने के बाद वृद्धा सो गई। सोते समय उसने तकिये के दादी का मुंह दबा दिया। इसके बाद हाथ से गला दबाकर मार दिया। इसके बाद रात भर कमरे में सोया। गुरुवार सुबह उठा तैयार होकर स्कूल चला गया। दोपहर वृद्धा का फोन न रिसीव होने पर आलमबाग में रहने वाली उनकी बेटी ने पड़ोसी को घर भेजा। पड़ोसी ने वृद्धा के शरीर में हरकत न होने की बात कही। बेटी घर पहुंची। मां को अस्पताल लेकर गई वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलन किए। इस बीच वृद्धा का पौत्र भी स्कूल से घर आ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। वृद्धा की बेटी ने भतीजे के साथ ही अपने चाचा पर हत्या का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि बच्चे को हिरासत में ले लिया गया है। उसे बाल सुधारगृह भेजा जाएगा। वहीं, वृद्धा के एक रिश्तेदार की भूमिका की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।