प्रेमिका के पति और बेटे ने बांके से काटा था ओला चालक को, गिरफ्तार
Lucknow News - - रहीमाबाद के हामिदखेड़ा मवई कला में चालक की हत्या का मामला - आरोपित ने

रहीमाबाद के हामिदखेड़ा मवई कला में ओला चालक संजय (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका के पति सुनील और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। सुनील ने दो साल पहले पत्नी को छोड़ दिया था। इसके बाद वह संजय के साथ रहने लगी थी। इसी खुन्नस में सुनील ने अपने 19 वर्षीय बेटे के साथ मिलकर रविवार को आधी रात में संजय को बांके से काट डाला था। अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे के मुताबिक सुनील और उसका बेटा दिव्यांश दोनों मड़ियांव के ताड़ीखाना नायक नगर के रहने वाले हैं। दोनों को मंगलवार दोपहर हरदोई-लखनऊ रोड के जालामऊ मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया है।
दोनों से छूरी,बांका और पल्सर मोटर साइकिल बरामद की गई है। इस मामले में संजय की मां रामदुलारी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि रविवार रात वह संजय और दोनों पौत्र घर में सो रहे थे। इस बीच आधी रात दरवाजे पर दस्तक हुई। दरवाजा खोला। दो लोग उसमें से एक सुनील था। दोनों घर के अंदर घुसने लगे। विरोध पर उन्होंने पीटा और गला दबाया। इसके बाद पटक दिया। शोर सुनकर संजय बचाव में दौड़ा तो उसपर बांके से हमला बोल दिया। हमले से बचकर संजय भागा तो गांव से नहर तक दोनों उसे दौड़ाते हुए ले गए। संजय नहर में कूद गया। इसके बाद दोनों नहर में कूदे और संजय को खींचकर बाहर लाए। बांके से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। रामदुलारी ने बताया कि जबतक वह पहुंची तो बेटे की सांसे थम चुकी थी। इंस्पेक्टर रहीमाबाद आनंद द्विवेदी ने बताया कि संजय की पत्नी तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। संजय की ससुराल ठाकुरगंज इलाके में थी। वहीं पड़ोस में सुनील की पत्नी भी रहती थी। सुनील ने दो साल पहले पत्नी को छोड़ा था। सुनील की पत्नी से संजय के प्रेम प्रसंग हो गए थे। इसके बाद वह संजय के साथ रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने शादी भी कर ली थी। सुनील और उसके बेटे को जेल भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।