Severe Heatwave Hits City as Temperature Reaches 42 C लखनऊ में पारा 42 पर पहुंचा, सीजन की सबसे गर्म रात, Lucknow Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsLucknow NewsSevere Heatwave Hits City as Temperature Reaches 42 C

लखनऊ में पारा 42 पर पहुंचा, सीजन की सबसे गर्म रात

Lucknow News - शहर में तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को परेशान कर दिया है। तापमान 42 डिग्री पर पहुंच गया है और महसूस होने वाली गर्मी 46 डिग्री तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में गर्मी और बढ़ सकती...

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊMon, 9 June 2025 09:52 PM
share Share
Follow Us on
लखनऊ में पारा 42 पर पहुंचा, सीजन की सबसे गर्म रात

तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने शहर के लोगों को बेहाल कर दिया। करीब एक सप्ताह बाद शहर का तापमान फिर 42 डिग्री पर पहुंच गया। रविवार-सोमवार की रात सीजन में सबसे गर्म रही। न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था। साथ ही हवा में नमी बढ़ने की वजह से उमस भी परेशान करती रही। इस स्थिति में गर्मी दर्ज तापमान से ज्यादा महसूस हो रही थी। मौसम विभाग के अनुसार जब तपिश के साथ उमस बढ़ती है तो बेचैन करती है। यह स्थिति दर्ज अधिकतम तापमान से दो से तीन डिग्री ज्यादा गर्मी का एहसास कराती है।

सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन तपिश और बेहाल करेगी। गर्म रेतीले इलाकों से होकर आ रही दक्षिण पश्चिमी हवा मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ा रही है। अगले दो दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी रह सकती है। ऐसे में 10 जून तक लू के साथ रात में भी गर्मी की परिस्थितियों के लिए कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को 46 डिग्री तापमान जितनी महसूस हुई गर्मी मौसम विभाग के अनुसार हीट इंडेक्स बढ़ने से ‘फील्स लाइक यानी गर्मी का एहसास ज्यादा हो जाता है। सोमवार को लखनऊ में गर्मी का इंडेक्स ‘मॉडरेट स्तर पर था। यानी तापमान भले ही 42 डिग्री था लेकिन महसूस 46 डिग्री जितना हुआ। यानी जितनी गर्मी 46 डिग्री सेल्सियस तापमान होने पर लगती है, उतनी लखनऊ के लोगों ने 42 डिग्री पर महसूस की। इसकी मुख्य वजह तपिश बढ़ने के साथ ही हवा में नमी का स्तर ज्यादा रहना था। अमौसी स्थित प्रदेश के मुख्य मौसम केन्द्र के अनुसार यह स्थिति अगले 48 घंटों तक रह सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।