वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक कल्याण निरीक्षकों की नियुक्ति हो: पूर्व डीजीपी
Lucknow News - - एलयू में विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार निवारण दिवस मनाया गया लखनऊ, संवाददाता।

लखनऊ विश्वविद्यालय में समाज कार्य विभाग और हेल्पएज इंडिया की ओर से विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार निवारण दिवस मनाया गया। पीढ़ियों के बीच सेतु, भविष्य का निर्माण: अंतरपीढ़ी गतिशीलता और वृद्धावस्था के प्रति दृष्टिकोण को समझना 2025 पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सामाजिक कल्याण एवं अनुसूचित जाति या जनजाति कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव एल. वेंकटेश्वरलु रहे। उन्होंने कहा कि जैसे वृद्धजन युवाओं को समझते हैं, वैसे ही युवाओं को भी वृद्धजनों को समझने की आवश्यकता है। कहा कि प्रकृति से जुड़ाव सुखद होता है। विशिष्ट अतिथि पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि लोग रोजगार के लिए गांव से शहर और फिर शहरों से अन्य शहर या देशों की ओर पलायन करते हैं जिससे वृद्धजन पीछे छूट जाते हैं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं रहता।
उन्होंने वृद्धजनों की संपत्ति अधिकारों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सामाजिक कल्याण विभाग से आग्रह किया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक कल्याण निरीक्षकों की नियुक्ति की जाए, जो उनके लिए अधिग्रहण कानूनों के तहत अधिकारों की पैरवी करें। विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश द्विवेदी ने कहा कि परिवर्तन सतत है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है। राज्य निषेध अधिकारी एमएल राजवंशी ने वृद्धजनों को समाज की धरोहर बताया। इस दौरान दो हैशटैग #मेरीनजरसेदेखो और #मेरेजूतोंमेंचलो आरंभ किए गए। लगभग 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वृद्धजनों के प्रति संवाद, सम्मान और सहयोग बढ़ाएं हेल्पएज इंडिया के राज्य प्रमुख अनूप पंत ने अंतरपीढ़ी गतिशीलता और वृद्धावस्था के प्रति दृष्टिकोण को समझना शीर्षक से राष्ट्रीय रिपोर्ट जारी की। उन्होंने बताया कि यह अध्ययन देश के 10 प्रमुख शहरों में किया गया था, जिसमें 5700 से अधिक लोगों ने भाग लिया। रिपोर्ट की प्रमुख बातों को साझा करते हुए पंत ने वृद्धजनों के प्रति संवाद, सम्मान और सहयोग को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।