दो घंटे जाम में फंसे लोग, व्यवस्था को कोसते नजर आए
Mainpuri News - मैनपुरी में शुक्रवार को शहर के अंदर क्रिश्चियन तिराहे से बड़े चौराहे तक का मार्ग जाम हो गया। अतिक्रमण और बड़े वाहनों के चलते लोग भीषण गर्मी में दो घंटे तक फंसे रहे। प्रशासनिक उदासीनता के कारण ये...

मैनपुरी। पुलिस प्रशासन किस कदर लापरवाह है इसका नजारा शुक्रवार को दोपहर के समय शहर के अंदर देखने को मिला। क्रिश्चियन तिराहे से बड़े चौराहे तक का मार्ग जाम का शिकार हो गया। अतिक्रमण पहले से है। बड़े वाहन भी इस मार्ग पर पहुंचे तो जाम लग गया। ये स्थिति तब है जब कई बार शहर के लोग अधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा। लोग जाम में फंसे तो भीषण गर्मी में गुस्से से भर उठे और पुलिस व यातायात व्यवस्था के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों को कोसते हुए नजर आए।
कई स्थानों पर जाम में फंसे लोगों को निकलने को लेकर आपस में नोकझोंक हुई। शहर की सड़कों पर जाम नई समस्या नहीं है बल्कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते आए दिन जाम लगता है। यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने मिलकर शहर के करहल चौराहा, भांवत चौराहा, ईसन नदी पुल पर अतिक्रमण हटवाया और वाहनों को स्थायी रूप से चौराहों पर खड़े होने से रोका। इसका असर कुछ हद तक हुआ है लेकिन क्रिश्चियन तिराहे से लेकर बड़े चौराहे तक तांगा स्टैंड से लेकर घंटाघर चौराहे तक हर रोज जाम लगता है। शुक्रवार को दोपहर में जाम लगा तो लोग दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। जाम का मुख्य कारण इस मार्ग के दौरान तरफ दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण है। ठेले वाले आधी सड़क घेर लेते हैं, रही सही कसर प्रतिबंध होने के बाद भी शहर में घुस रहे ई रिक्शा और कार सवार पूरी कर रहे हैं। इस मार्ग पर ई रिक्शा और कार का प्रवेश पूरी तरह रोकने के निर्देश हैं लेकिन पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मी इस पर ध्यान नहीं देते। शुक्रवार को इसी वजह के चलते जाम लग गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।