संविधान को बचाने वालों के साथ होगा गठबंधन : श्याम लाल
Prayagraj News - प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की रक्षा के लिए जो भी आगे आएगा, उसके साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन करेंगे।...
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान की रक्षा के लिए जो भी आगे आएगा, उसके साथ आगामी विधान सभाचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी गठबंधन करेगी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सोमवार को जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय ने पत्रकारों के साथ बातचीत में यह बात कही। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ हुए गठबंधन के सवाल पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतिम निर्णय लेंगे। इस समय समाजवादी पार्टी के साथ अन्य राजनीतिक दल अपने-अपने संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कह दिया कि संविधान को बचाने के मुद्दे पर ही विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा। केंद्र व प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की शाखाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। संविधान को बचाएंगे, राजा-रानी के सिंगोल प्रथा को विकसित होने से रोकेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा पंचायत चुनाव पर नहीं, 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। इसी सिलसिले में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। सभी को पीडीए का संकल्प गांव-गांव, घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया गया है। सपा विधायक पूजा पाल की भाजपा से बढ़ती नजदीकी के सवाल पर कहा कि जो सच्चे सपाई और डॉ. आंबेडकर, डॉ. लोहिया के अनुयायी हैं, वे अन्य दलों में नहीं जा सकते।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।