पिंजरे में बांधी बकरी, फिर भी तेंदुआ पकड़ से बाहर
Rampur News - बब्बरपुरी गांव में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया और बकरी बांधी, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आ रहा है। ग्रामीण रात के समय खौफ में रहते हैं और...

बब्बरपुरी गांव के जंगल में पिंजरा लगाकर उसमें बकरी बांधने के बाद भी तेंदुआ वन विभाग की पकड़ से बाहर है। जिससे ग्रामीणों में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के गांव रहमतगंज और बब्बरपुरी में बीते कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने लगातार तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने बब्बरपुरी के जंगल में पिंजरा लगाकर उसमें बकरी को बांध दिया। साथ ही कुछ स्थानों पर कैमरे भी लगाए गए हैं लेकिन इन प्रयासों के बाद भी तेंदुआ बेहद सतर्कता से पिंजरे में फंसने से बच रहा है।
स्थानीय निवासी अब्दुल मन्नान ने बताया कि वन विभाग ने तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा तो लगाया है लेकिन जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता तब तक राहत नहीं मिलेगी। गांव में हर रात खौफ का साया रहता है। तेंदुए के रात के समय बस्ती के आसपास घूमने की सूचना है। गांव के किसान खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। वनविभाग के सेक्शन प्रभारी शील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गांव में गश्त कर रही है। पिंजरा लगाया गया है। तेंदुए की मूवमेंट पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।