योग से ही निरोगी जीवन संभव: त्रिपाठी
Shahjahnpur News - आर्य महिला डिग्री कॉलेज में ‘विरासत से विकास विषय पर योग की भूमिका’ पर एक प्रेरणादायक परिचर्चा आयोजित की गई। मुख्य अतिथि योगाचार्य अवधेश मणि त्रिपाठी ने छात्राओं को योग के महत्व और उसके लाभों से अवगत...
आर्य महिला डिग्री कॉलेज में ‘विरासत से विकास विषय पर योग की भूमिका को लेकर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा एक प्रेरणादायक परिचर्चा आयोजित की गई। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्यपाल सचिवालय के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। शुरुआत मां सरस्वती के वंदन से हुई, जिसके बाद मुख्य अतिथि योगाचार्य अवधेश मणि त्रिपाठी ने छात्राओं को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जब परिवार के सभी सदस्य एक साथ योग करते हैं तो न केवल शरीर और मन स्वस्थ रहते हैं, बल्कि घर का वातावरण भी सकारात्मक बनता है। योगाचार्य ने ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित कई योग क्रियाओं को मंच पर प्रदर्शित किया और उनके लाभों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है जिसे अपनाकर आज की युवा पीढ़ी न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बन सकती है। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रूपांशु माला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सांसें, भोजन और जल ये सभी प्रकृति के अनुपम उपहार हैं। इन्हें योग के माध्यम से संतुलित किया जा सकता है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को आत्मिक विकास का साधन बताया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋतु शर्मा ने कहा कि योग को केवल अभ्यास नहीं बल्कि जीवनशैली बनाना होगा। उन्होंने स्लोगन दोहराया योग करेंगे तभी निरोग रहेंगे। वहीं डॉ. रानू दुबे ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने दिन की शुरुआत योग से करें। उन्होंने कहा कि योग हर उम्र में संभव है और यह मानसिक तनाव को दूर करता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. दुर्गावती समेत अन्य शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा। छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर योग करने का संकल्प लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।