आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुखोई-मिराज ने दिखाई ताकत, फाइटर प्लेन देखने के लिए जुटी भीड़
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को भी युद्धाभ्यास जैसा नजारा दिखा। जहां लड़ाकू विमान तेज रफ्तार से हवा को चीरते हुए बढ़े। शनिवार को सुखोई, मिराज और एन 32 प्लेन अपना जौहर दिखाया।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार को लड़ाकू विमान सुखोई ने वायुसेना के शौर्य का प्रदर्शन किया। दो फाइटर प्लेन ने रन-वे और चार ने हवा में हैरतअंगेज कारनामे दिखाए। गगन शक्ति अभ्यास के तहत छह सुखोई विमान में से 2 हवाई पट्टी पर उतारे गए। कार्गो एंटोनोव (एएन 32) ने भी हवा में उड़ान भरी। रन-वे पर दौड़ रहे फाइटर प्लेन इशारा कर रहे थे कि वह किसी से कम नहीं हैं। देश में किसी भी आपात स्थिति में वायु सेना के जवान बेहतरीन लड़ाकू विमान के साथ तैयार हैं। सेना का शौर्य देखने के लिए आसपास के कई जिलों से लोग पहुंचे थे।
तेज गर्जना के साथ भारतीय सेना की शान सुखोई हवा को चीरते हुए एक्सप्रेस-वे पर उतरा तो हजारों की भीड़ उत्साहित हो उठी। हर किसी ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। सभी को गर्व की अनुभूति हो रही थी कि दुश्मनों से सुरक्षा के लिए उनके पास बेहतरीन फाइटर प्लेन है। हर पल को लोग कैमरे में कैद करने को बेताब दिखे। पुलिस के रोकने के बाद भी भीड़ नजदीक जाने की कोशिश कर रही थी। हवाई पट्टी के दोनों ओर सर्विस लेन के किनारे खड़े हजारों लोगों ने वायुसैनिकों का अभिभावादन किया। विमान एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर चलता तो सर्विस लेन का यातायात रोक दिया जा रहा था।
सबसे पहले दोपहर 1:15 बजे सारंग हेलीकॉप्टर ने हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। इसके बाद 1:47 बजे दो सुखोई विमान उड़ते हुए दिखे। लखनऊ की तरफ से आए और हवाई पट्टी से घूमकर लौट गए। करीब 1:52 बजे सुखोई हवाई पट्टी पर उतरा तो उसके पीछे लगे दोनों ब्रेक पैराशूट खुल गए। दूसरा सुखोई विमान 1:55 बजे टच डाउन करते हुए एक्सप्रेस-वे पर आगे बढ़ा। इसके बाद दोनों विमान ब्रेक पैराशूट छोड़कर एयरट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पास ईधन रिफलिंग और सर्विसिंग के लिए खड़े हो गए। यहां दोनों में फिर ब्रैक पैराशूट बांधा गया। 2:08 बजे एक के बाद एक कर चार सुखोई हवा में करतब दिखाते हुए लौट गए। 2:23 बजे से 3:23 बजे तक एक घंटे का ब्रेक रहा।
3.24 बजे ईधन लेकर एक्सप्रेस-वे पर खड़ा सुखोई विमान तेज गरजना के साथ आसमान में फर्राटा भरने लगा। 3:33 बजे दूसरा सुखोई विमान रन-वे से होते हुए उड़ान भरकर लौट गया। 3:55 बजे एयर कार्गो एंटोनोव (एएन 32) हवाई पट्टी से गुजरा। फिर वह 4:02 बजे रन-वे पर उतरा। 4:30 बजे कार्गो प्लेन ने दोबारा उड़ान भरी। यहां एयरफोर्स प्रयागराज रेंज के अफसर भी मौजूद थे। डीएम गौरांग राठी और एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा भी पहुंचे। एयर कार्गो प्लेन की लैडिंग से पहले ही तमाम सुरक्षा कर्मी वहां से लौट गए। सिर्फ सेना के लोग और कुछ पुलिसकर्मी ही मौजूद रहे।