पालिकाध्यक्ष ने जांची निर्माण कार्य की गुणवत्ता
मंडलसेरा दक्षिणी वार्ड में बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोग अपने तरीके से नाली निर्माण कर रहे हैं, जिससे विवाद उत्पन्न हो रहे हैं। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने...

बारिश के पानी की निकासी के लिए इन दिनों मंडलसेरा दक्षिणी वार्ड में नाली निर्माण कार्य चल रहा है। नाली निर्माण को लेकर वहां रह रहे लोगों में अक्सर विवाद पैदा हो रहा है। हर व्यक्ति नाली निर्माण अपने तरीके से कराने पर तुला है। शिकायत मिलने पर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल शनिवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेकेदार को सर्वे के अनुसार नाली निर्माण कार्य करने को कहा। साथ ही गुणवत्ता व समय सीमा का ध्यान करने के निर्देश दिए। मालूम हो कि चुनाव जीतने के बाद पालिकाध्यक्ष ने हर वार्ड में चौपाल लगाकर लोगों की समस्या सुनीं। मंडलसेरा में बारिश के पानी की निकासी नहीं होने की शिकायत सबसे अधिक मिली।
चौपाल के बाद यहां रास्ते और नालियों का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन काम शुरू होते वह विवाद शुरू हो गया। पालिका के सर्वे के बजाए वहां रह रहे लोग अपने हिसाब से नाली निर्माण करा रहे हैं। इस कारण यहां आए दिन विवाद गहराता रहता है। ठेकेदार को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत पर पालिकाध्यक्ष खेतवाल मौके पर पहुंचे। इस दौरान वहां रह रहे लोग भी मौके पर पहुंचे। अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में किए गए सर्वे के अनुसार ही नाली का निर्माण होगा। कोई भी इस पर हस्तक्षेप न करें। लोगों को बारिश में जलभराव समस्या न हो इसके लिए पालिका पहले से ही चिंतित है। वेवजह विवाद पैदा न करें। उन्होंने ठेकेदार से समय पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी तरह की शिकायत मिली तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो बड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर पालिका कर्मी, सभासद व क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।