वट सावित्री पर नैनीताल के नयना देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का संगम
नैनीताल में वट सावित्री व्रत के अवसर पर नयना देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में पूजा-अर्चना की। मुख्य पुजारी बसंत बल्लभ जोशी के नेतृत्व में...
नैनीताल। वट सावित्री व्रत के पावन अवसर पर नैनीताल स्थित प्रसिद्ध नयना देवी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर में भव्य पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया। मुख्य पुजारी बसंत बल्लभ जोशी की अगुवाई में धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए गए। मंदिर परिसर में दर्जनों अनुभवी पुरोहितों ने वट वृक्ष की पूजा कर व्रतधारी महिलाओं को पूजन की विधि समझाई और उनका मार्गदर्शन किया। श्रद्धालु महिलाएं पारंपरिक परिधान में सजी-धजी, सोलह श्रृंगार किए हुए, पूर्ण भक्ति भाव से व्रत करती हुई नजर आईं।
उनके चेहरों पर आस्था की गहराई और मन में अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना स्पष्ट झलक रही थी। पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त रहा। पूजा के दौरान घंटियों की गूंज, शंखनाद और मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और वट वृक्ष की परिक्रमा कर अपने सौभाग्य की कामना की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।