सोना गिरवी रखवाकर लोन की रकम हड़पने का आरोप
देहरादून में एक महिला से सोना गिरवी रखवाकर लोन की रकम डबल करने का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई। आरोपी ने महिला का सोना गिरवी रखकर 1.86 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत के अनुसार, करीब 60 अन्य महिलाओं से भी इसी...

सोना गिरवी रखवाकर लोन की रकम डबल करवाने का झांसा देकर महिला से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह सोना देहरादून की एक महिला के जरिए एक निजी कंपनी में गिरवी रखा गया था। आरोप है कि लोन की रकम को महिला ने हड़प लिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि छिद्दरवाला और प्रतीतनगर की करीब पांच दर्जन महिलाओं से इसी प्रकार से धोखाधड़ी की गई है। मामले में रायवाला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायवाला थानाध्यक्ष बीएल भारती के मुताबिक, मीना पुंडीर निवासी छिद्दरवाला ने तहरीर देकर बताया कि करीब सालभर पहले एक निजी कंपनी की कर्मचारी कंचन सेमवाल निवासी रतनपुर नयागांव, देहरादून उनके संपर्क में आई।
आरोप है कि कंचन ने मीना का सोना गिरवी रखवाया और लोन के रूप में मिले एक लाख 86 हजार रुपये रख लिए। उसे भरोसा दिया कि यह रकम उसे डबल करके वापस की जाएगी। जब उन्होंने महीनेभर बाद फोन किया तो कंचन ने टाल-मटोल शुरू कर दी, जिसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पीड़िता ने बताया कि छिद्दरवाला में करीब 35 और प्रतीतनगर में भी लगभग 25 महिलाओं का सोना निजी कंपनी में गिरवी रखवाने के बाद कंचन ने उनकी लोन की रकम हड़प ली है। नामजद तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कंचन सेमवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।