शादी का झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर हमले में 6 घायल, दूल्हा-दुल्हन पक्ष से 32 लोग गिरफ्तार
नवाद जिले के कौआकोल में पुलिस पर हुए हमले में हवलदार समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने छापेमारी करते हुए दूल्हा-दुल्हन पक्ष से 32 लोगों को गिरफ्तार किया है।

बिहार के नवादा जिले के कौआकोल में मंगलवार देर रात शादी में हुआ झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। डायल 112 के गश्ती दल पर पथराव किया गया। इस हमले में 6 जवान घायल हो गए, इनमें से एक हवलदार की हालत गंभीर है। उन्हें पावापुरी विम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमले के आरोप में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के 32 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से कई महिलाएं भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार टीकोडीह गांव के मोहम्मद तनवीर की शादी 20 अप्रैल को नैमतुल धमनी गांव की एक लड़की से हुई थी। शादी वाली रात नेमतुल धमनी गांव में दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस दौरान मारपीट भी हुई थी। हालांकि, गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला वहीं शांत करा दिया था। 22 अप्रैल मंगलवार को दुल्हन पक्ष के लोग लड़की की विदाई के लिए उसके ससुराल टीकोडीह गांव आए। तभी दूल्हा पक्ष के लोगों ने उन्हें पीट दिया।
इसी बीच किसी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। कुछ देर बाद कौआकोल थाने की गश्ती पुलिस टीम और डायल 112 टीकोडीह गांव पहुंची। पुलिस वहां से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जाने लगी। तभी दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हमले में 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हवलदार अरुण कुमार राउत की स्थिति गंभीर है। उन्हें नवादा सदर अस्पताल से पावापुरी रेफर कर दिया गया।