बिहार का एक और लाल शहीद; देव किशोर को पटना एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि, सीएम ने जताया गहरा शोक
भारतीय सेना द्वारा 5 जून को चलाए गए विशेष सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के दौरान बिहार रेजीमेंट के वीर जवान देव किशोर शाह शहीद हो गए। वो बिहार के सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के निवासी थे। आज पटना एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई

बिहार का एक और लाल देश के लिए शहीद हो गया। हिमाचल प्रदेश के पूह में सेना के ऑपरेशन के दौरान बिहार रेजीमेंट के जवान देव किशोर शाह शहीद हो गए गए। वो सारण जिले के बनियापुर प्रखंड के निवासी थे। ऑपरेशन को 5 जून 2025 को अंजाम दिया गया था, जिसमें बिहार का जवान की शहादत की खबर आई। उनके पार्थिव शरीर को शुक्रवार की सुबह पटना एयरपोर्ट लाया गया, जहां बिहार सरकार के मंत्रियों, सेना के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सेना की टुकड़ी ने उन्हें सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सेना के जवान देव किशोर साह के शहीद होने पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। वो इस घटना से काफी मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि शहीद जवान देव किशोर के आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से अनुमान्य सम्मान राशि दी जायेगी, साथ ही शहीद जवान राज्य सरकार की ओर से पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।
वहीं शहीद के परिजनों ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की शहादत पर गर्व है, लेकिन साथ ही उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से उम्मीद जताई कि शहीद के परिवार को उचित सहायता और स्थायी सम्मान मिले। देव किशोर की शहादत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।